दूध का पैसा लेने जा रहे युवक पर हमला, लाठी-डंडे व लोहे

दूध का पैसा लेने जा रहे युवक पर हमला, लाठी-डंडे व लोहे की रॉड से पीटा। मदरिया । ------------------- गोला थाना क्षेत्र के फत्तेपुर गांव में शनिवार रात एक युवक पर गांव के ही कुछ लोगों द्वारा लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में युवक के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। हालत गंभीर होने पर उसे पहले सीएचसी गोला, फिर जिला अस्पताल और बाद में मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। फत्तेपुर निवासी सन्नी पुत्र धर्मेंद्र यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि शनिवार रात उसका भाई रितेश यादव दूध का बकाया पैसा लेने जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में गांव की गुड्डी देवी ने उसे लाठी से मार दिया। इसके बाद आर्यन यादव, आदित्य पुत्र शिव कुमार, धीरज यादव पुत्र कुमार यादव, शुभम पुत्र रामप्रताप यादव, प्रवेश यादव पुत्र लगन यादव तथा कौशल यादव पुत्र रामऔतार यादव ने मिलकर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने उसे बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी। आरोप है कि भीड़ इकट्ठा होते देख सभी आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घायल रितेश यादव को परिजनों द्वारा तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए देर रात जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेज दिया गया। पीड़ित के भाई ने बताया कि रितेश की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। इस मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर बीएनएस की धारा 191(2), 115(2), 351(3) एवं 110 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल गोला सी.पी. पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।