जिलाधिकारी द्वारा जनगणना की गहन समीक्षा
देवरिया, 27 मई।जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार को गूगल मीट के माध्यम से अपने कार्यकक्ष में जनगणना 2027 के तहत घर घर सर्वेक्षण(मकान सूचीकरण)कार्यों की गहन समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होंने सभी तहसीलदारों एवं खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा अब तक चार्ज ग्रहण नहीं किया गया है तथा कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है, वे तत्काल चार्ज लेकर जनगणना कार्य शुरू करें। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि घर घर सर्वेक्षण व मकान सूचीकरण का कार्य हर हाल में एक सप्ताह के भीतर पूर्ण कराया जाए। उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जो कर्मचारी चार्ज लेने अथवा कार्य करने में लापरवाही एवं हीलाहवाली करेंगे, उनके विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि की कार्रवाई की जाएगी। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने तहसीलवार प्रगति, कर्मचारियों की उपस्थिति तथा कार्य की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जो कर्मचारी समय से कार्य प्रारंभ नहीं करेंगे अथवा निर्धारित अवधि में कार्य पूर्ण नहीं करेंगे, उनके एक दिन का वेतन रोकने की कार्रवाई भी की जाएगी। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने एआरटीओ एवं खनन अधिकारी को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए संयुक्त टीम बनाकर अवैध वाहनों एवं अवैध खनन में संलिप्त वाहनों के विरुद्ध सघन अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने इस समीक्षा के दौरान ही खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया कि कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में नामांकन के सापेक्ष सभी छात्राओं की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए और उनके पठन पाठन की समुचित व्यवस्था भी रही जाए। आयोजित इस गूगलमीट में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राम शंकर, उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी गण जुड़े रहे।