बांसगांव के पत्रकार हत्या मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर सौंपा मांग पत्र

चौरीचौरा, गोरखपुर। बांसगांव के पत्रकार अग्निवेश सिंह की हत्या के मामले में हत्यारों के खिलाफ कार्रवाई सहित कई अन्य मांगों को लेकर पूर्वांचल जर्नलिस्ट प्रेस क्लब ने सोमवार को जिलाधिकारी को सम्बोधित पांच सूत्रीय मांग पत्र एसडीएम कुंवर सचिन कुमार सिंह को सौंपा और मामले में कार्रवाई की मांग की प्रेस क्लब के प्रदेश अध्यक्ष राज अनन्त पांडेय के नेतृत्व में प्रदेश महामंत्री दिलशाद आलम, प्रदेश उपाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता, विनोद सिंह व संगठन मंत्री धनन्जय पांडेय आदि ने सौंपे गए ज्ञापन में कहा है कि इस मामले में बांसगांव पुलिस की भूमिका संदिग्ध है। जिसके कारण हत्यारोपियों की आज तक गिरफ्तारी नहीं की गई। उल्टे पीड़ित परिवार के खिलाफ भी फर्जी मुकदमा दर्ज कर दिया गया। प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने मांग किया है कि मृतक पत्रकार अग्निवेश सिंह के परिवार को आर्थिक सहायता के साथ उनकी पत्नी को सरकारी नौकरी दी जाए। मृतक के भाई नीतीश कुमार को शस्त्र लाइसेंस के साथ सुरक्षा प्रदान की जाए, पोस्टमार्टम के वीडियो की एक मेडिको बोर्ड के विषय विशेषज्ञों से पुनः समीक्षा कराई जाए, सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी किया जाए और लेखपाल और कानूनगो द्वारा सौंपी गई अवैध कब्जा रिपोर्ट कर कार्रवाई की जाए।