तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से सहायक अध्यापक की मौत, साथी घायल

बडहलगंज।बड़हलगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक सहायक अध्यापक की मौत हो गई, जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, गाजीपुर जनपद के मरदह थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके भाई बड़हलगंज कस्बे में किराये का कमरा लेकर रहते थे और प्राथमिक विद्यालय ऊपरा क्षेत्र बड़हलगंज में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात थे। शुक्रवार की रात करीब 10 बजे वह अपने साथी शिक्षक के साथ दोपहिया वाहन से खाना खाकर वापस लौट रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही एक पिकअप वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों की मदद से दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने सहायक अध्यापक को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल साथी का इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक के परिजन की तहरीर पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 106, 281 तथा 125(ए) बीएनएस 2023 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन और चालक की तलाश में जुटी हुई है।