चेयरमैन की पहल से 36 घंटे बाद बहाल हुई बिजली आपूर्ति, करीब
चेयरमैन की पहल से 36 घंटे बाद बहाल हुई बिजली आपूर्ति, करीब 200 घरों ने ली राहत की सांस घघसरा। नगर पंचायत क्षेत्र के अमर सिंह नगर, दरुआ में करीब 200 घरों की बिजली आपूर्ति 36 घंटे तक बाधित रहने से वार्डवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बिजली कटौती की जानकारी मिलने पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभाकर दुबे देर रात मौके पर पहुंचे और विद्युत कर्मियों के साथ खड़े होकर लाइन को दोबारा जुड़वाकर आपूर्ति बहाल कराई। बिजली आते ही वार्डवासियों ने राहत की सांस ली और चेयरमैन का आभार जताया। बताया जाता है कि दरुआ में विद्युत तार के नीचे कुछ लोगों द्वारा मकान निर्माण कराया जा रहा था। रविवार रात करीब साढ़े सात बजे 11 हजार वोल्ट की लाइन में अचानक खराबी आ गई, जिससे घघसरा उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सूचना पर विद्युत कर्मी रात में ही मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोप है कि निर्माण करा रहे लोगों ने रात में तार जोड़ने से कर्मचारियों को रोक दिया और सुबह काम करने की बात कहकर उन्हें वापस भेज दिया। सोमवार सुबह विद्युत टीम दोबारा मौके पर पहुंची तो स्थिति और गंभीर मिली। बताया गया कि एक खंभे से दूसरे खंभे तक खींचे गए तार को लपेटकर रख दिया गया था। आरोप है कि कुछ लोगों ने विद्युत कर्मियों को लाइन दोबारा जोड़ने से भी रोक दिया। इसके बाद जेई जयराम गुप्त ने मामले को लेकर थाने में तहरीर दी। वहीं, लगातार बिजली बंद रहने से वार्ड के लोगों में परेशानी बढ़ती जा रही थी। इसकी जानकारी नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभाकर दुबे को हुई तो उन्होंने देर रात मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने विद्युत कर्मियों को बुलाकर लाइन जोड़ने की कार्रवाई कराई और स्वयं मौके पर खड़े रहे। काफी प्रयास के बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। बिजली बहाल होने के बाद वार्डवासियों ने चेयरमैन प्रभाकर दुबे का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनकी पहल से लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान हुआ और लोगों को बड़ी राहत मिली।