लखनऊ के सरकारी अस्पतालों में 2 दिन हाफ-डे OPD, दोपहर 12 बजे

लखनऊ के सरकारी अस्पतालों में 2 दिन हाफ-डे OPD, दोपहर 12 बजे तक ही होगा इलाज, इमरजेंसी रहेगी 24 घंटे चालू लखनऊ। लखनऊ के सभी सरकारी अस्पतालों में सोमवार और मंगलवार को हाफ डे OPD रहेगी। इस दौरान सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक ही मरीजों का इलाज होगा। हालांकि इमरजेंसी सेवाएं 24 घंटे जारी रहेंगी और डॉक्टर राउंड द क्लॉक तैनात रहेंगे। SGPGI में आज नए मरीजों का रजिस्ट्रेशन नहीं होगा। SGPGI की OPD में सिर्फ उन्हीं मरीजों को देखा जाएगा, जिन्हें पहले से आज की डेट दी गई है। KGMU और लोहिया संस्थान में भी इमरजेंसी में ही इलाज मिलेगा। बलरामपुर अस्पताल में 12 बजे तक OPD बलरामपुर अस्पताल के निदेशक डॉ. बीकेएस चौहान ने बताया कि सोमवार और मंगलवार को OPD सुबह 8 से दोपहर 12 बजे तक संचालित होगी। मरीजों की सुविधा को देखते हुए समय में बदलाव की जानकारी दी गई है। गंभीर स्थिति में मरीज OPD का इंतजार करने के बजाय सीधे इमरजेंसी में जा सकते हैं। बिना इलाज कोई मरीज नहीं लौटेगा लोकबंधु राजनारायण संयुक्त चिकित्सालय के निदेशक डॉ. विवेक गुप्ता ने बताया कि OPD में हाफ डे वर्किंग रहेगी, पर बिना इलाज के कोई मरीज वापस नहीं लौटेगा। सभी मरीजों को इलाज मिले, इसके लिए ड्यूटी रोस्टर जारी किया गया है। इमरजेंसी में भी फुल अलर्टनेस है। सिविल अस्पताल में भर्ती मरीजों का इलाज जारी सिविल अस्पताल के निदेशक डॉ. जीपी गुप्ता ने बताया कि भर्ती मरीजों को लगातार इलाज मिलता रहेगा। छुट्टी के बावजूद दोनों दिन डॉक्टर OPD में मौजूद रहेंगे। 12 बजे तक आने वाले सभी मरीजों को देखा जाएगा, इसके बाद इमरजेंसी में मौजूद डॉक्टर मरीजों का इलाज करेंगे।