आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा: 140 की स्पीड में डिवाइडर से टकराकर

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा: 140 की स्पीड में डिवाइडर से टकराकर 5 बार पलटी कार, 3 की दर्दनाक मौत, सीट बेल्ट से बची 2 की जान *आगरा।* आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। डौकी थाना क्षेत्र में 140 किमी की स्पीड से जा रही क्रेटा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और 4 से 5 बार पलट गई। हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। *खाई में गिरे पिछली सीट पर बैठे लोग* जानकारी के मुताबिक कार सवार सभी 5 लोग दिल्ली से बलिया जा रहे थे। पुलिस के अनुसार हादसे के वक्त कार की स्पीड करीब 140 किमी/घंटा थी। मरने वाले तीनों लोग पिछली सीट पर बैठे थे और उन्होंने सीट बेल्ट नहीं लगा रखी थी। टक्कर के बाद तीनों कार से उछलकर एक्सप्रेस-वे से नीचे खाई में जा गिरे। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई। वहीं आगे बैठे ड्राइवर जसवंत और एक युवक चंद्रकांत ने सीट बेल्ट लगा रखी थी, जिससे दोनों की जान बच गई। दोनों को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। *पहिया तक अलग हो गया* टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। आगे और पीछे का हिस्सा बुरी तरह डैमेज हो गया, साइड से पिचक गई और पहिए तक अलग हो गए। पुलिस ने क्रेन बुलवाकर कार को सड़क से हटवाया। मृतकों की पहचान जयप्रकाश, भूपेंद्र और कपिल के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है।