Bansgaon Sandesh
Login
H
Gorakhpurलगभग १ घंटा पहले

*डेरवा चौराहा पर ट्रांसफार्मर फटा, चिंगारी से बाइक में आग*

*डेरवा चौराहा पर ट्रांसफार्मर फटा, चिंगारी से बाइक में आग*

बड़हलगंज।बड़हलगंज क्षेत्र के डेरवा चौराहा पर शुक्रवार को 10 केवीए का विद्युत ट्रांसफार्मर तेज धमाके के साथ फट गया। इसके बाद ट्रांसफार्मर में आग लग गई और उससे निकली चिंगारी की चपेट में आकर पास में खड़ी एक मोटरसाइकिल में आग लग गई। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन स्थानीय लोगों की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया। आग की चपेट में आई मोटरसाइकिल राहमुद्दीन खान की होंडा शाइन (नंबर- BR 04R 4692) थी। आग बुझाने वालों में अभिमन्यु यादव, मैभरा के प्रधान प्रेम प्रकाश सिंह, राणा प्रताप, मनोज सिंह, रामकरण यादव सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे। ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आसपास की अन्य संपत्तियों को नुकसान होने से बचा लिया गया। डेरवा मैभरा के प्रधान प्रेम प्रकाश सिंह ने बताया कि उनके घर के सामने लगे हुए ट्रांसफार्मर फटने से मोटरसाइकिल में लगी आग पर लोगों की तत्परता से आग पर क़ाबू पाया लिया गया। उनका कहना है कि मात्र 10 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर होने के बावजूद उस पर अधिक भार डाला जा रहा है। इसके कारण ट्रांसफार्मर आए दिन जल जाता है या उसमें तकनीकी खराबी आती रहती है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में हाल ही में विभाग के उच्च अधिकारियों को भी सूचित किया गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि समय रहते ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ जाती तो आज की घटना से बचा जा सकता था । वहीं एसडीओ सुशील कुमार सोनी ने बताया कि ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी के कारण एक मोटरसाइकिल में आग लग गई थी, जिसे ग्रामीणों की तत्परता से तत्काल बुझा दिया गया। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर को बदलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द ही क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

1 likes
0 comments0 shares