प्राथमिक विद्यालय में चोरी का 28 घंटे में खुलासा, दो गिरफ्तार
प्राथमिक विद्यालय में चोरी का 28 घंटे में खुलासा, दो गिरफ्तार सीसीटीवी कैमरे, एलसीडी समेत चोरी का सामान बरामद करने का पुलिस का दावा मौदहा, हमीरपुर। सिसोलर थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय चांदीकला में हुई चोरी का पुलिस ने 28 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गया विद्यालय का सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार 25 अगस्त की रात चोरों ने विद्यालय से सीसीटीवी कैमरे, एलसीडी, साउंड सिस्टम, एम्प्लीफायर, स्पीकर सहित अन्य सामान चोरी किया था। प्रधानाध्यापक प्रदीप कुमार मिश्रा की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान प्रकाश में आए चांदीकला निवासी शिवकरन यादव और गयाप्रसाद उर्फ राजू उर्फ मित्ता यादव को पुलिस ने टिकरी पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से मिक्सर एम्प्लीफायर, पांच स्पीकर, वायरलेस माइक्रोफोन रिसीवर, पावर सप्लाई स्विच, नौ सीसीटीवी कैमरे, यूएसबी केबल, 42 इंच की एलसीडी और बैनर बरामद करने का दावा किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।