57 लाख की आबादी में 36 लाख वोटर होने चाहिए
57 लाख की आबादी में 36 लाख वोटर होने चाहिए, 4 लाख कहां रह गए? : डीएम चार लाख संभावित मतदाता सूची से बाहर, युवाओं को नाम जुड़वाने की जिम्मेदारी *हर पात्र युवा बने मतदाता, घर-घर पहुंचाएं जागरूकता का संदेश : डीएम* *32 लाख पर क्यों ठहरी मतदाताओं की संख्या, 36 लाख का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरा प्रशासन* *18 साल की उम्र पूरी हुई तो तुरंत भरें फॉर्म-6, दूसरों को भी जोड़ें मतदाता सूची से : डीएम* *सेंट एंड्रयूज कॉलेज में छात्र-छात्राओं को किया जागरूक, 18 वर्ष पूरा करने वालों से फॉर्म-6 भरने की अपील* गोरखपुर। लोकतंत्र की मजबूती के लिए युवाओं की भागीदारी बेहद जरूरी है। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना चाहिए। युवा न केवल स्वयं मतदाता बनें, बल्कि अपने परिवार, आसपास और मोहल्ले के लोगों को भी मतदाता बनने के लिए प्रेरित करें। यह बातें जिलाधिकारी दीपक मीणा ने शनिवार को सेंट एंड्रयूज कॉलेज में आयोजित मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहीं। जिलाधिकारी ने मतदाता सूची में पंजीकरण की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि गोरखपुर की आबादी लगभग 57 लाख है। इसमें करीब 66 प्रतिशत आबादी 18 वर्ष से अधिक आयु की है। इस हिसाब से जिले में लगभग 36 लाख मतदाता होने चाहिए, जबकि वर्तमान में मतदाताओं की संख्या करीब 32 लाख के आसपास है। इस अंतर को कम करने के लिए पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने कहा कि 18 और 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं की मतदाता सूची में पर्याप्त भागीदारी होनी चाहिए। लोकतंत्र में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है, इसलिए उन्हें मतदाता पंजीकरण के प्रति गंभीर और जागरूक होना होगा। डीएम ने छात्र-छात्राओं से अपील की कि जिनकी उम्र 18 वर्ष पूरी हो चुकी है, वे तत्काल फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराएं। जिन विद्यार्थियों की उम्र अभी 18 वर्ष पूरी नहीं हुई है, वे अपने माता-पिता, भाई-बहन और आसपास के पात्र लोगों को नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि घर-घर तक मतदाता जागरूकता का संदेश पहुंचाने में विद्यार्थी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। प्रत्येक विद्यार्थी यह जिम्मेदारी ले कि उसके परिवार और आसपास का कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। उन्होंने छात्र-छात्राओं को निर्वाचन आयोग की डिजिटल सुविधाओं की जानकारी देते हुए ईसीआईनेट (ECINet) ऐप डाउनलोड करने के लिए प्रेरित किया। बताया कि इस ऐप के माध्यम से निर्वाचन संबंधी आवश्यक जानकारियां और सुविधाएं प्राप्त की जा सकती हैं। चुनाव से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत, जानकारी अथवा सहायता के लिए मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे ऐप डाउनलोड करने के साथ ही अपने परिवार के लोगों को भी इसके उपयोग के बारे में बताएं। कार्यक्रम में नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 भरने की प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई। बताया गया कि भारत का नागरिक, जिसकी उम्र किसी अर्हता तिथि को 18 वर्ष या उससे अधिक हो चुकी है और जिसका नाम किसी भी मतदाता सूची में पहले से दर्ज नहीं है, वह फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन कर सकता है। इसके लिए चार अर्हता तिथियां निर्धारित हैं। इनमें एक जनवरी, एक अप्रैल, एक जुलाई और एक अक्टूबर शामिल हैं। इन तिथियों तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा अग्रिम आवेदन भी कर सकते हैं। छात्रों को बताया गया कि मतदाता बनने के लिए निर्वाचन आयोग के ऑनलाइन पोर्टल voters.eci.gov.in अथवा आधिकारिक ECINet मोबाइल ऐप के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। इसके अलावा बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) या निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में भी आवेदन जमा किया जा सकता है। आवेदन के लिए हालिया पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो, जन्मतिथि का प्रमाण और निवास का प्रमाण तैयार रखना होगा। जन्मतिथि के प्रमाण के रूप में जन्म प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, दसवीं या बारहवीं का प्रमाणपत्र और पासपोर्ट जैसे दस्तावेज दिए जा सकते हैं। वहीं निवास प्रमाण के लिए बिजली, पानी या गैस का बिल, बैंक पासबुक, आधार, पासपोर्ट और अन्य मान्य दस्तावेजों का उपयोग किया जा सकता है। डीएम ने विद्यार्थियों को विभिन्न निर्वाचन प्रपत्रों की उपयोगिता भी बताई। उन्होंने कहा कि नए मतदाता के रूप में नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6, विदेश में रहने वाले भारतीय नागरिकों के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6ए, स्वेच्छा से आधार संबंधी जानकारी देने के लिए फॉर्म-6बी, मतदाता सूची में किसी नाम पर आपत्ति या नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम में संशोधन, पता बदलने, मतदाता पहचान पत्र बदलवाने और दिव्यांगता चिह्नांकन के लिए फॉर्म-8 का इस्तेमाल किया जाता है। उन्होंने आवेदन करते समय सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति एक ही स्थान की मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराए। एक ही आवेदन को अलग-अलग माध्यमों से दोबारा जमा न करें। विद्यार्थी अपने सामान्य निवास के आधार पर घर अथवा छात्रावास में से किसी एक पते पर पंजीकरण करा सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि आधार देना स्वैच्छिक है और केवल आधार उपलब्ध नहीं होने के आधार पर मतदाता पंजीकरण का आवेदन अस्वीकार नहीं किया जा सकता। जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज होना केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का पहला कदम है। मतदान का अधिकार तभी सार्थक होगा, जब प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे खुद जागरूक बनें और दूसरों को भी जागरूक करें, ताकि जिले का कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रह जाए। इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मुकुल खंडेलवाल, एसडीएम सदर ज्ञान प्रताप सिंह, सेंट एंड्रयूज कॉलेज के प्राचार्य आरएन सेमवाल सहित कॉलेज के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।