हलियापुर की बिजली व्यवस्था को मिली नई ताकत,सांसद ने किया 250 केवीए
हलियापुर की बिजली व्यवस्था को मिली नई ताकत,सांसद ने किया 250 केवीए ट्रॉली ट्रांसफार्मर का लोकार्पण सुल्तानपुर।बल्दीराय तहसील के हलियापुर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को अधिक भरोसेमंद बनाने की दिशा में सोमवार को अहम कदम उठाया गया। अमेठी के सांसद किशोरी लाल शर्मा ने स्थानीय क्षेत्र विकास निधि योजना के तहत 9.88 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत 250 केवीए क्षमता के ट्रॉलीयुक्त विद्युत ट्रांसफार्मर का लोकार्पण किया। ट्रांसफार्मर उपलब्ध होने से अब खराबी की स्थिति में तत्काल वैकल्पिक ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल की जा सकेगी।श्याम बख्श सिंह महाविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सांसद ने कहा कि निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति ग्रामीण विकास की आधारशिला है। बिजली व्यवस्था मजबूत होने से किसानों,विद्यार्थियों, व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं सभी को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि ट्रॉलीयुक्त ट्रांसफार्मर से खराब ट्रांसफार्मर को बदलने में लगने वाला समय कम होगा और उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी से राहत मिलेगी।सांसद ने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।आने वाले समय में भी जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देकर ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।समारोह में पूर्व प्रधान श्रीमती किरन सिंह,पूर्व एमएलसी दीपक सिंह,कांग्रेस के अमेठी जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंगल,पूर्व विधायक राधेश्याम कन्नौजिया, विधानसभा प्रभारी अजमल हक, विजय पासी, प्रभात सिंह, जिला पंचायत सदस्य दीपू उपाध्याय, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अजय सिंह, वीरेंद्र मिश्रा, राजेंद्र शुक्ला, शंभू शरण सिंह, लाल सिंह उर्फ धीरेंद्र प्रताप, मुदित सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।इस अवसर पर मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधीक्षण अभियंता बी.के. जैन, अधिशासी अभियंता शशांक शुक्ला, उपखंड अधिकारी मार्तंड प्रताप सिंह तथा अवर अभियंता परशुराम समेत विद्युत विभाग के अधिकारियों ने भी भाग लिया। अधिकारियों ने बताया कि ट्रॉलीयुक्त ट्रांसफार्मर से आपात स्थिति में बिजली आपूर्ति बहाल करने में तेजी आएगी और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा मिल सकेगी।