Bansgaon Sandesh
Login
S
Gorakhpur२ दिन पहले

उधार के डॉक्टर और फार्मासिस्ट के भरोसे चल रहा पशु अस्पताल गोला

उधार के डॉक्टर और फार्मासिस्ट के भरोसे चल रहा पशु अस्पताल गोला

उधार के डॉक्टर और फार्मासिस्ट के भरोसे चल रहा पशु अस्पताल गोला मदरिया । ------------ तहसील मुख्यालय स्थित पशु चिकित्सालय गोला इस समय उधार के डॉक्टर और फार्मासिस्ट के भरोसे संचालित हो रहा है, जिससे पशुपालकों में काफी असंतोष व्याप्त है। यहां चिकित्सक का स्थानांतरण हुए लगभग छह माह बीत चुके हैं, लेकिन अब तक स्थायी डॉक्टर की तैनाती नहीं हो सकी है। फार्मासिस्ट का पद भी लंबे समय से रिक्त है। अस्पताल की व्यवस्था बनाए रखने के लिए पशु चिकित्सालय डाड़ी खास से डॉक्टर जियाउल्लाह सिद्धकी और फार्मासिस्ट शैलेन्द्र को अस्थायी रूप से भेजा गया है। दोनों को दो-दो स्थानों पर बैठना पड़ता है। ऐसे में जिस दिन डॉक्टर गोला में रहते हैं, उस दिन डाड़ी खास का अस्पताल सूना पड़ जाता है। वहीं, जब वे डाड़ी खास में होते हैं तो गोला अस्पताल में पशुपालकों को मायूस लौटना पड़ता है।पशुपालकों का कहना है कि यदि कम से कम फार्मासिस्ट की स्थायी तैनाती हो जाए तो दवा वितरण की समस्या काफी हद तक हल हो सकती है। गोला पशु अस्पताल में इस समय केवल एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी मोहम्मद हसन ही तैनात हैं। इन दिनों एसआईआर कार्य में डॉक्टर की ड्यूटी लगने से कई बार दोनों स्थानों पर चिकित्सक उपलब्ध नहीं हो पाते, जिससे पशुपालकों की परेशानी और बढ़ जाती है। क्षेत्र के पशुपालक देवेंद्र पांडेय, रामशकाल पांडेय, संजय पांडेय, राम ललित तिवारी, जय प्रकाश तिवारी और अनिल राय सहित अन्य लोगों ने जिला मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी से शीघ्र स्थायी डॉक्टर की तैनाती की मांग की है। इस संबंध में जिला मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी धर्मेंद्र पांडेय ने बताया कि डॉक्टरों की नियुक्ति शासन स्तर से होती है। शासन द्वारा गोला और बांसगांव पशु चिकित्सालय के लिए डॉक्टरों की नियुक्ति कर दी गई है और वे जल्द ही अपने-अपने स्थान पर कार्यभार ग्रहण करेंगे।

0 likes
0 comments0 shares