*खजनी: मां दुर्गा गैस एजेंसी पर किल्लत से हाहाकार, रात 3 बजे

*खजनी: मां दुर्गा गैस एजेंसी पर किल्लत से हाहाकार, रात 3 बजे से लाइन में लग रहे उपभोक्ता* गोरखपुर जिले के दक्षिणांचल स्थित खजनी क्षेत्र में इन दिनों रसोई गैस की भारी किल्लत ने आम जनता का जीना मुहाल कर दिया है। क्षेत्र की मां दुर्गा गैस एजेंसी पर गैस आपूर्ति ठप होने के कगार पर है, जिससे उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश व्याप्त है। *रात के सन्नाटे में लग रही लंबी कतारें* गैस पाने की जद्दोजहद का आलम यह है कि उपभोक्ता असुरक्षा के बीच रात 3 बजे से ही एजेंसी के बाहर नंबर लगाने को मजबूर हैं। घंटों इंतजार के बाद भी सफलता हाथ नहीं लग रही है। मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं ने बताया कि सुबह से दोपहर के 2 बज जाने के बावजूद उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। *एक हफ्ते से भटक रहे हैं उपभोक्ता* पीड़ित उपभोक्ता रामचंद्र यादव ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा।"मैं पिछले एक हफ्ते से लगातार गैस के लिए एजेंसी के चक्कर काट रहा हूँ। रात-रात भर जागकर लाइन में लगने के बाद भी मुझे गैस सिलेंडर नहीं मिल सका है। घर का चूल्हा जलना मुश्किल हो गया है।" *आपूर्ति में कमी बनी मुख्य वजह* जानकारी के अनुसार, गंगा गैस सर्विस (पलहीपर) से गैस की पर्याप्त गाड़ियां उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं, जिसका सीधा असर मां दुर्गा गैस एजेंसी के वितरण पर पड़ रहा है। एजेंसी पर मांग के मुकाबले आपूर्ति बेहद कम होने के कारण स्थिति अनियंत्रित होती जा रही है। फिलहाल, उपभोक्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि गैस की इस किल्लत को जल्द से जल्द दूर किया जाए ताकि आम नागरिकों को इस मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से निजात मिल सके। संवाददाता: [रामप्रकाश कसौधन/बांसगांव संदेश न्यूज़] स्थान: खजनी, गोरखपुर