डाला नगर पंचायत के वार्ड नंबर 8 में बरसात के मौसम में दवा का छिड़काव ना होने से ग्रामीण वासियों ने नाराजगी

डाला नगर पंचायत के वार्ड नंबर 8 में बरसात के मौसम में दवा का छिड़काव न होने से वार्डवासियों में नाराजगी, उठाई कार्रवाई की मांग डाला/सोनभद्र। बरसात का मौसम शुरू होते ही डाला नगर पंचायत के वार्ड नंबर 8 में मच्छरों का प्रकोप बढ़ने लगा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अब तक नगर पंचायत की ओर से वार्ड में एंटी-लार्वा एवं मच्छररोधी दवा का छिड़काव नहीं कराया गया है, जिससे डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। वार्डवासियों का कहना है कि बरसात के कारण कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे मच्छरों का तेजी से प्रजनन हो रहा है। इसके बावजूद नगर पंचायत द्वारा नियमित फॉगिंग और दवा छिड़काव नहीं कराया जा रहा है। लोगों ने कहा कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि वार्ड नंबर 8 में तत्काल दवा का छिड़काव कराया जाए, नियमित फॉगिंग की व्यवस्था की जाए तथा जलभराव वाले स्थानों की साफ-सफाई कराकर लोगों को मच्छरों से राहत दिलाई जाए। प्रशासन से जनहित को देखते हुए तत्काल आवश्यक कदम उठाने की अपील की है।