रास्ते के विवाद में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, महिलाओं समेत कई घायल

बड़हलगंज। कोतवाली क्षेत्र के खैरवा तुलसीपुर गांव में रास्ते के विवाद को लेकर पट्टीदारों के दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर घर में घुसकर हमला करने, लाठी-डंडे, ईंट और लोहे की रॉड से मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया है। घटना में महिलाओं समेत कई लोग घायल हुए हैं। एक पक्ष से सुखधाम सहानी पुत्र रमेश सहानी निवासी खैरवा तुलसीपुर ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उन्होंने अपने पट्टीदारों को पहले से ही अपनी निजी भूमि से चार फुट रास्ता दे रखा है। आरोप है कि विपक्षी दोबारा उनके दरवाजे और सहन से अतिरिक्त रास्ता मांगने लगे। इसी बात को लेकर 22 मई 2026 को दिन में करीब 1:25 बजे विवाद बढ़ गया। आरोप है कि राजवंश सहानी, दिनेश सहानी, ब्रजेश सहानी तथा इन्द्रसती समेत अन्य लोग घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए डंडे, ईंट व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। घटना में सुखधाम सहानी के सिर और कंधे पर चोटें आईं, जबकि उनकी माता सुमंती देवी और पत्नी नीतू देवी भी घायल हो गईं। वहीं दूसरे पक्ष से राजवंशी निषाद पुत्र स्व. शिवबचन निषाद निवासी मुहालजलकर खैरवा ने भी थाना बड़हलगंज में तहरीर देकर आरोप लगाया कि वह रास्ते के विवाद को लेकर सुलह-समझौते की बात कर रहे थे, तभी विपक्षी पक्ष उग्र हो गया और विशाल निषाद, उत्तम निषाद, सुखधाम निषाद, रमेश निषाद समेत अन्य लोगों ने लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। मारपीट में राजवंशी निषाद, उनके पुत्र बृजेश निषाद, पत्नी राधिका देवी तथा पुत्रियां इन्द्रमती और फूलमती घायल हो गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना में उनका हाथ टूट गया, जबकि पुत्री इन्द्रमती के सिर में गंभीर चोट आई है। थानाध्यक्ष सुनिल राय ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।