विधायक ई सरवन निषाद ने शिक्षा प्रेरकों की बहाली के पहल का दिया भरोसा

चौरीचौरा गोरखपुर। ।शिक्षा प्रेरक संघर्ष समिति उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को चौरीचौरा विधायक ई. सरवन निषाद से उनके आवास पर मिला। प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा प्रेरकों की सेवा बहाली और बकाया मानदेय भुगतान को लेकर विधायक को ज्ञापन सौंपा और अपनी समस्याओं से अवगत कराया। समिति के प्रदेश अध्यक्ष मृत्युंजय पांडेय और सरदारनगर ब्लॉक अध्यक्ष जगमोहन शुक्ला ने बताया कि साक्षर भारत मिशन के तहत वर्ष 2009 से प्रदेश की ग्राम सभाओं में शिक्षा प्रेरकों की नियुक्ति की गई थी। शिक्षा प्रेरकों ने निरक्षर लोगों को साक्षर बनाने के साथ ही बीएलओ, रैपिड सर्वे, पल्स पोलियो अभियान सहित कई सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मार्च 2018 में योजना बंद होने के बाद हजारों शिक्षा प्रेरक बेरोजगार हो गए और उनका मानदेय भी बकाया है। विधायक ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि वह शिक्षा प्रेरकों की मांगों को मुख्यमंत्री और केंद्रीय शिक्षा मंत्री तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद के माध्यम से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी वार्ता कर सेवा बहाली के लिए पहल करने की बात कही। इस दौरान छोटे लाल राजभर, ज्योति सिंह, अजय निषाद, राजेश यादव, कमलेश, किरण, रणधीर पासवान, विनोद यादव सहित कई शिक्षा प्रेरक मौजूद रहे।