बांसगांव संदेश बरहज,महिला कल्याण योजनाओं की डीएम ने की समीक्षा, प्रभावी क्रियान्वयन के दिए

महिला कल्याण योजनाओं की डीएम ने की समीक्षा, प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश बालिकाओं की शिक्षा एवं भविष्य को देखते हुए दोनों बहनों का कस्तूरबा विद्यालय में कराया गया नामांकन देवरिया, 01 सितंबर 2026। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित कार्यकक्ष में महिला कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में महिलाओं एवं बालिकाओं के संरक्षण, सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सशक्तीकरण की दिशा में संचालित कार्यक्रमों एवं की जा रही कार्रवाई की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा पात्र महिलाओं एवं बालिकाओं तक शासन की सुविधाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि वन स्टॉप सेंटर, देवरिया में विगत 13 दिनों से आवासित बालिकाओं की नियमित काउंसलिंग एवं आवश्यक परामर्श किया गया। इस दौरान उनकी पारिवारिक एवं शैक्षिक स्थिति की जानकारी लेते हुए बालिकाओं के हित में आवश्यक कार्रवाई की गई। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बालिकाओं तथा उनके परिजनों से संवाद कर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। काउंसलिंग के उपरांत दोनों बालिकाओं को उनके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया। बालिकाओं की शिक्षा एवं भविष्य को ध्यान में रखते हुए एक बालिका एवं उसकी बहन का कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, रुद्रपुर में नामांकन कराया गया है। इससे दोनों बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा और उनकी पढ़ाई निर्बाध रूप से जारी रह सकेगी। जिलाधिकारी ने बालिकाओं के संरक्षण के साथ-साथ उनकी शिक्षा एवं आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि 04 सितंबर को महिला कल्याण विभाग द्वारा ‘महिला सशक्तीकरण’ विषय पर यूट्यूब लाइव प्रसारण आयोजित किया जाए। इसके माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं के अधिकारों, सुरक्षा, शिक्षा, स्वावलंबन तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में व्यापक स्तर पर जागरूकता बढ़ाई जाएगी। उन्होंने अधिक से अधिक महिलाओं एवं बालिकाओं को कार्यक्रम से जोड़ने तथा इसका व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने 17 सितंबर को विकासखंड भागलपुर, बरहज, लार, सलेमपुर एवं बनकटा में पीएनटी की बैठकें आयोजित कराने के निर्देश भी दिए। इन बैठकों में महिला एवं बालिका सुरक्षा, संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सशक्तीकरण के साथ शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति एवं प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और सशक्तीकरण शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसलिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाएं। उन्होंने विभागीय गतिविधियों की नियमित निगरानी करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। बैठक में महिला कल्याण विभाग के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।