*गोरखपुर में नए ब्लॉक के लिए जमीन की पैमाइश तेज: एसडीएम कुणाल

*गोरखपुर में नए ब्लॉक के लिए जमीन की पैमाइश तेज: एसडीएम कुणाल रस्तोगी ने भदारखास में किया निरीक्षण, पीएचसी भी बनेगी* खजनी । गोरखपुर: गोरखपुर के भदारखास गांव में नए विकासखंड (ब्लॉक) के निर्माण के लिए जमीन की पैमाइश की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। यह गांव खजनी तहसील से लगभग 9 किलोमीटर दूर उरुवां ब्लॉक क्षेत्र के अंतर्गत आता है। हाल ही में खजनी तहसील के जॉइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम कुणाल रस्तोगी ने राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचकर प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण और जायजा लिया। खराब मौसम और हल्की बारिश के बावजूद प्रशासनिक टीम द्वारा यह निरीक्षण कार्य पूरा किया गया। 2 हेक्टेयर बंजर जमीन का लिया जायजा निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने जमीन की स्थिति, उपलब्ध क्षेत्रफल और उसकी सीमाओं का जायजा लिया तथा संबंधित राजस्व अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। क्षेत्रीय विधायक श्रीराम चौहान के प्रयासों से महदेवा बाजार के समीप भदारखास गांव में नए ब्लॉक कार्यालय और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) के निर्माण के लिए उपयुक्त जमीन की तलाश की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, भदारखास ग्राम पंचायत में गाटा संख्या 986 के तहत लगभग 2 हेक्टेयर बंजर जमीन चिन्हित की गई है। आवश्यकता पड़ने पर स्थानीय किसानों की जमीन अधिग्रहण करने के प्रस्ताव पर भी विचार चल रहा है। कई विकासखंडों के गांव होंगे शामिल प्रस्तावित नए ब्लॉक में उरुवां, बेलघाट, खजनी, बांसगांव और सहजनवां विकासखंडों के कुछ गांवों को शामिल किया जा सकता है। हालांकि, गांवों के पुनर्गठन और नए ब्लॉक की अंतिम सीमा निर्धारण पर अंतिम निर्णय शासन स्तर से होना अभी बाकी है। वर्तमान में गोरखपुर जिले में कुल 20 विकासखंड हैं। नए ब्लॉक के गठन से स्थानीय ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उनके ही क्षेत्र में सुगमता से मिल सकेगा, जिससे विकास कार्यों की बेहतर निगरानी और कार्यान्वयन संभव हो पाएगा। मौके पर मौजूद रही प्रशासनिक टीम निरीक्षण के दौरान एसडीएम कुणाल रस्तोगी के साथ कानूनगो, नायब तहसीलदार, संबंधित क्षेत्रों के लेखपाल और पूरी राजस्व टीम उपस्थित रही। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि नए ब्लॉक के लिए उपयुक्त जमीन की उपलब्धता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी राजस्व टीम को सौंपी गई है।