गोरखपुर में 372 सिलेंडर लदे ट्रक में लगी आग, पुलिस और दमकल

गोरखपुर में 372 सिलेंडर लदे ट्रक में लगी आग, पुलिस और दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा *गोरखपुर, चौरीचौरा।* चौरीचौरा क्षेत्र के आमकोल गांव में शुक्रवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया। भारत पेट्रोलियम के 372 गैस सिलेंडर से लदा ट्रक प्राथमिक विद्यालय की चहारदीवारी के पास खड़ा था, तभी अचानक उसके केबिन में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। बताया जा रहा है कि ट्रक बैतालपुर डिपो से गैस लेकर पिपराइच जा रहा था। स्थानीय चालक ने रात में ट्रक को गांव में ही खड़ा कर दिया था। करीब 12 बजे केबिन से धुआं निकलता देख ग्रामीणों ने शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सीओ कुंदन कुमार सिंह और प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश शर्मा फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए देवीपुर फायर स्टेशन और शहर से दमकल की तीन गाड़ियों को बुलाया गया। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। गनीमत रही कि आग केबिन तक ही सीमित रही और सिलेंडरों तक नहीं पहुंची, वरना बड़ा धमाका हो सकता था। *इंस्पेक्टर ने कहा - समय पर मदद से टला हादसा* प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश शर्मा ने बताया कि नजदीक स्थित देवीपुर फायर स्टेशन से समय पर मदद मिलने से आग पर जल्द काबू पाया जा सका। यदि देरी होती तो आग सिलेंडरों तक पहुंच सकती थी और स्थिति को नियंत्रित करना मुश्किल हो जाता। मामले में कार्रवाई की जा रही है। *ग्रामीणों में नाराजगी* घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। गांव के भीतर आए दिन 2-3 गैस से भरे बड़े वाहन खड़े रहते हैं, जिससे हमेशा बड़े हादसे का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आबादी वाले क्षेत्र में गैस सिलेंडर लदे वाहनों के खड़े होने पर रोक लगाने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।