12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को किया गया

12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित। मदरिया । -------- उपनगर स्थित लक्ष्मी प्रसाद मेमोरियल पब्लिक स्कूल के प्रांगण में कक्षा 12वीं के मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मंच पर सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। समारोह का शुभारंभ विद्यालय के संरक्षक एवं नगर पंचायत गोला बाजार के पूर्व चेयरमैन गिरधारी लाल स्वर्णकार, प्रबंधक भागीरथी प्रसाद स्वर्णकार तथा प्रबंध निदेशक अमरनाथ वर्मा द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। विद्यालय का इस वर्ष का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। विज्ञान, वाणिज्य एवं कला वर्ग में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को मंच पर बुलाकर माल्यार्पण, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय में प्रथम स्थान विनीत कुमार, द्वितीय स्थान प्रिया कुमारी मझवार तथा तृतीय स्थान राजवीर प्रताप चंद ने प्राप्त किया। इसके अलावा शिवांश राय, संजना मौर्य, लक्ष्मी गुप्ता, अनीशा प्रजापति, अंशिका यादव, कृतिका तिवारी, आयुष्मान यादव एवं शालिनी यादव सहित 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान के दौरान पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के आशीर्वाद और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्या एकता वर्मा एवं रेवरेंड डीके सिंह ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान केवल अंकों का नहीं, बल्कि अनुशासन, मेहनत और निरंतर प्रयास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय हमेशा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है। विद्यालय संरक्षक गिरधारी लाल स्वर्णकार एवं प्रबंधक भागीरथी प्रसाद स्वर्णकार ने कहा कि बच्चों की सफलता विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन, दृढ़ संकल्प और निरंतर परिश्रम से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। प्रबंध निदेशक अमरनाथ वर्मा ने कहा कि बोर्ड परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करना सफलता की पहली सीढ़ी है, असली उड़ान अभी बाकी है। बदलते समय में बच्चों को केवल सफल ही नहीं, बल्कि संवेदनशील और नवाचार से जुड़ा इंसान बनना होगा। इस अवसर पर विद्यालय के समन्वयक मनीष यादव, सहसमन्वयक अनुप सिंह, मनोज पाण्डेय, शिवम पाण्डेय, शिवशंकर पंडित, सुशील शुक्ला, शैलेष त्रिपाठी, मुकेश तिवारी, अभिषेक राय, हरेंद्र तिवारी, अजीत कुमार दुबे, सुमेला अख्तर, विनय सिंह, शुभम मिश्रा, प्रदीप पासवान, केके भट्ट, दुर्गेश धर दुबे, सत्येंद्र मौर्य, वीके राय, सीमा राय, किरण यादव सहित विद्यालय परिवार के कई शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित रहे।