*सहजनवा तहसील दिवस में डीएम-एसएसपी ने सुनी फरियादियों की समस्याएं* *शिकायतों के

*सहजनवा तहसील दिवस में डीएम-एसएसपी ने सुनी फरियादियों की समस्याएं* *शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को दिए निर्देश* सहजनवा गोरखपुर। सहजनवा तहसील में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। दोनों अधिकारियों ने एक-एक कर फरियादियों से उनकी शिकायतों की जानकारी ली और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि जनशिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और शिकायतकर्ता को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, भूमि विवाद, रास्ते, कब्जा, पारिवारिक विवाद, विद्युत, विकास, नगर निकाय सहित विभिन्न विभागों से संबंधित लगभग 150 शिकायतें लेकर फरियादी पहुंचे। डीएम दीपक मीणा ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका परीक्षण किया जाए। जहां शिकायत का मौके पर निस्तारण संभव हो, वहां तत्काल कार्रवाई की जाए और जिन मामलों में स्थलीय जांच आवश्यक है, उनमें संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर जांच करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर आख्या उपलब्ध कराएं। वही 8 मामलों का निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य केवल शिकायतें प्राप्त करना नहीं, बल्कि फरियादियों को प्रभावी राहत उपलब्ध कराना है। इसलिए सभी अधिकारी प्राप्त प्रार्थना पत्रों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व से जुड़े मामलों में संबंधित पक्षों की मौजूदगी में निष्पक्ष जांच कराई जाए। भूमि विवाद के मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय से कार्रवाई करें, ताकि विवाद के कारण कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।डीएम ने यह भी निर्देश दिया कि जिन शिकायतों में मौके पर जाकर जांच की आवश्यकता है, उनमें संबंधित अधिकारी स्वयं अथवा अपनी टीम के माध्यम से स्थलीय निरीक्षण कर समस्या का समाधान सुनिश्चित करें। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसुनवाई व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए और आम लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को सुना। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि फरियादियों की शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। भूमि विवाद अथवा आपसी विवाद से जुड़े मामलों में पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी समन्वय बनाकर कार्य करें। एसएसपी ने कहा कि शिकायतकर्ता की बात सुनने के बाद तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाए और किसी भी पक्ष के साथ अनावश्यक भेदभाव न हो। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान अधिकारियों ने फरियादियों से उनकी समस्याओं के संबंध में जानकारी ली और संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा की जाएगी, ताकि लंबित मामलों का समय से निस्तारण हो सके। तहसील दिवस में सहजनवा के उपजिलाधिकारी नमन मेहता सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी, तहसील प्रशासन के अधिकारी और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और पात्र लोगों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।