महादेवा-ढेबरा के दिव्यांश चंद का उत्तर प्रदेश पुलिस में चयन, क्षेत्र में

महादेवा-ढेबरा के दिव्यांश चंद का उत्तर प्रदेश पुलिस में चयन, क्षेत्र में खुशी की लहर गुरुजनों के मार्गदर्शन और मेहनत से हासिल की सफलता, गांव में हो रही सराहना महादेवा-ढेबरा, गोरखपुर। जनपद गोरखपुर के महादेवा-ढेबरा क्षेत्र के ग्राम नारायणपुर निवासी दिव्यांश चंद पुत्र परमेश्वर चंद का उत्तर प्रदेश पुलिस में चयन होने से परिवार, गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनकी इस उपलब्धि से परिजनों, शुभचिंतकों और शिक्षकों में हर्ष व्याप्त है। दिव्यांश चंद की प्रारंभिक शिक्षा गांव के विद्यालय में हुई। पढ़ाई के दौरान उन्होंने स्वर्गीय श्री हौशीला पाण्डेय के यहां गणित की कोचिंग प्राप्त की, जबकि अंग्रेजी की शिक्षा रमा पाण्डेय के यहां ग्रहण की। शिक्षा के प्रति लगन, अनुशासन और गुरुजनों के प्रति सम्मान उनके व्यक्तित्व की प्रमुख विशेषताएं रहीं। दिव्यांश अपने गुरुजनों के प्रिय शिष्यों में से एक थे। वे बेहद नेक, विनम्र और आज्ञाकारी स्वभाव के छात्र रहे। गुरुजनों के मार्गदर्शन और अपनी मेहनत के बल पर उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस में चयनित होकर अपने परिवार और गांव का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता इस बात का प्रमाण है कि सही मार्गदर्शन, निरंतर परिश्रम और दृढ़ संकल्प के सहारे लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। दिव्यांश की उपलब्धि से क्षेत्र के युवाओं को भी आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा मिलेगी। दिव्यांश चंद के उत्तर प्रदेश पुलिस में चयन पर क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।