आधार पंजीकरण एवं वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित सहजनवा गोरखपुर पाली ब्लॉक के
आधार पंजीकरण एवं वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित सहजनवा गोरखपुर पाली ब्लॉक के ग्राम पट्टी धर्मदास स्थित सेंट लॉरेंस सीनियर सेकेंडरी स्कूल, में विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की सुविधा के लिए सोमवार को आधार पंजीकरण, बैंक खाता खोलने एवं वित्तीय साक्षरता जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 5 वर्ष तक की आयु के बच्चों के नए आधार बनाने के साथ-साथ इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की ओर से बैंक खाते खोलने की सुविधा उपलब्ध कराई गई। शिविर के माध्यम से अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को बचत, सुरक्षित बैंकिंग, डिजिटल लेन-देन तथा वित्तीय प्रबंधन के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही बैंकिंग सेवाओं जैसे NEFT, RTGS, IMPS, AEPS, UPI, नकद जमा-निकासी एवं बिल भुगतान आदि की जानकारी दी गई। शिविर का उद्देश्य बच्चों और आमजन को वित्तीय सेवाओं से जोड़ने तथा उन्हें सुरक्षित एवं जागरूक निवेश और बैंकिंग के प्रति प्रेरित करना रहा। प्रधानाचार्य संजय मिश्रा ने कहा कि “आज के समय में आधार और बैंकिंग सेवाएं प्रत्येक परिवार की आवश्यक जरूरत बन चुकी हैं। विद्यालय में इस प्रकार के शिविर आयोजित होने से बच्चों और अभिभावकों को एक ही स्थान पर महत्वपूर्ण सुविधाएं मिलने के साथ-साथ वित्तीय जागरूकता भी बढ़ती है। हमारा प्रयास है कि शिक्षा के साथ विद्यार्थियों को जीवनोपयोगी और व्यावहारिक जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।” प्रबंधक अजय मिश्रा ने कहा कि “विद्यालय केवल शिक्षा प्रदान करने का केंद्र नहीं, बल्कि समाज को जागरूक और सक्षम बनाने का माध्यम भी है। ऐसे शिविरों से विद्यार्थियों के साथ उनके परिवारों को भी सरकारी एवं वित्तीय सेवाओं का लाभ आसानी से मिल पाता है। भविष्य में भी जनहित से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों को प्राथमिकता दी जाएगी।” उन्होंने शिविर के सफल आयोजन के लिए संबंधित विभाग के प्रतिनिधियों, अभिभावकों और विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया। शिविर को सफल बनाने में विद्यालय की अध्यापिका नेहा शुक्ला, नितिन त्रिपाठी, रवि दुबे, ऋचा, स्वाति मिश्रा, प्रियंका पांडेय, ज्योति निषाद,शालू , तनुजा दुबे, मिथिलेश पाठक सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहयोग किया। शिविर के दौरान विद्यालय परिवार ने व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के साथ विद्यार्थियों और अभिभावकों को आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि शिक्षा, जागरूकता और वित्तीय सशक्तिकरण को एक साथ आगे बढ़ाने वाली ऐसी पहल समाज के लिए निश्चित रूप से उपयोगी और सार्थक है।