*सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की एडीएम सिटी ने की समीक्षा* *जिले
*सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की एडीएम सिटी ने की समीक्षा* *जिले के सभी ईओ के साथ बैठक, अब तक की तैयारियों की ली जानकारी* गोरखपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर मंगलवार को एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार ने जिले के सभी अधिशासी अधिकारियों (ईओ) के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में नगर निकायों को पहले से दी गई जिम्मेदारियों के तहत अब तक की गई तैयारियों और प्रस्तावित कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी ली गई। एडीएम सिटी ने कहा कि अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। नगर निकायों में स्वच्छता अभियान, श्रमदान, पौधरोपण, जनजागरूकता, स्वास्थ्य जांच, पदयात्रा सहित विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने सभी ईओ को निर्देश दिया कि अपने-अपने नगर निकाय क्षेत्रों में कार्यक्रम स्थलों की साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर लें। एडीएम सिटी ने 17 सितंबर को अभियान के शुभारंभ को लेकर की गई तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने बताया कि इस दिन स्वच्छता, पौधरोपण, श्रमदान, स्वास्थ्य जांच और अन्य जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम होंगे। शाम को प्रमुख स्थानों और बूथ क्षेत्रों में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने ईओ को निर्देशित किया कि नगर क्षेत्रों में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को चिन्हित कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग किया जाए। शिविर और जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। बैठक में कूड़ा निस्तारण, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और कार्यक्रम स्थलों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। एडीएम सिटी ने कहा कि अभियान के दौरान नगर निकायों की व्यवस्थाएं बेहतर रहनी चाहिए। सभी ईओ अपने क्षेत्रों में कार्यक्रमों की नियमित निगरानी करें और जो तैयारियां अधूरी हैं, उन्हें अभियान शुरू होने से पहले पूरा कर लें। बैठक में जिले के सभी नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।