जिला टापर दिव्या यादव को विधायक प्रदीप शुक्ला ने दी बधाई

घघसरा गोरखपुर। प्रतिभा किसी पहचान की मोहताज नहीं होती—इसे सच कर दिखाया है ग्राम पंचायत टडवां कला की होनहार छात्रा दिव्या यादव ने। हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में 95.67% अंक हासिल कर उन्होंने पूरे जिले में प्रथम स्थान प्राप्त कर इतिहास रच दिया है। संस्कार इंटर कॉलेज की इस मेधावी छात्रा की सफलता से गांव से लेकर जिले तक जश्न का माहौल है। रविवार को सहजनवां के विधायक प्रदीप शुक्ला स्वयं दिव्या के आवास पहुंचे और इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि दिव्या की यह सफलता पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा है और उनकी मेहनत, अनुशासन व समर्पण हर छात्र-छात्रा के लिए मिसाल है। विधायक ने संस्कार इंटर कॉलेज की सराहना करते हुए विद्यालय के प्रबंधक सतेन्द्र कुमार सिंह एवं शिक्षकों के समर्पण को इस सफलता की असली ताकत बताया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि साबित करती है कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाएं भी सही मार्गदर्शन मिलने पर बड़े मुकाम हासिल कर सकती हैं। दिव्या यादव की इस शानदार सफलता से परिवार, गांव और पूरे जिले का नाम रोशन हुआ है। क्षेत्रवासियों ने खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।