पौधरोपण कर शिक्षकों और सफाई कर्मचारियों ने उठाई पुरानी पेंशन बहाली की मांग

आजमगढ़। नवरात्र के पावन अवसर पर रविवार को अटेवा से जुड़े शिक्षक साथियों और सफाई कर्मचारियों ने राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर स्थित मां दुर्गा मंदिर के पास नीम का पौधा लगाकर पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाल करने की मांग की। इस दौरान कर्मचारियों ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से पुरानी पेंशन बहाल करने की अपील की। ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष सीपी यादव ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बंधु की प्रेरणा से कर्मचारी लगातार पौधरोपण कर पुरानी पेंशन बहाली की मांग कर रहे हैं। जब तक पुरानी पेंशन बहाल नहीं होती, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा। गुलाब चौरसिया ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों का अधिकार है। वहीं, सुनील सिंह ने इसे बुढ़ापे का सहारा बताते हुए सरकार से बहाली की मांग की। अभय चौहान ने कहा कि देश की रक्षा में प्राणों की आहुति देने वाले जवानों के हित में भी पुरानी पेंशन बहाल की जानी चाहिए। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सीपी यादव, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष गुलाब चौरसिया, सुनील सिंह, अभय चौहान, अनिल मौर्य, रामाश्रय कुमार, राजबहादुर चौधरी, वीरेंद्र कुमार, बृजेश यादव, कमलेश कुमार, सुनील कुमार, नर्मदा गौड़, रामसमूज, रामबचन, एहसान, जागृति प्रसाद, स्वतंत्र कुमार, अशोक चौहान, बृजेश चौहान, राजेश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।