मिशन शक्ति: महिला सुरक्षा को लेकर गोला में निकला पैदल मार्च। मदरिया

मिशन शक्ति: महिला सुरक्षा को लेकर गोला में निकला पैदल मार्च। मदरिया । ------------- थाना प्रभारी सीपी पाण्डेय के नेतृत्व में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक.... शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान के तहत रविवार को गोला थाना क्षेत्र में जागरूकता पैदल मार्च निकाला गया। थाना प्रभारी सीपी पाण्डेय के नेतृत्व में निकले इस मार्च के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों तथा सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। पैदल मार्च गोला थाने से शुरू होकर मुख्य चौक बाजार होते हुए पश्चिमी चौराहे तक पहुंचा। इसके बाद वापस थाने के प्रांगण में पहुंचकर समाप्त हुआ। मार्च के दौरान ध्वनि यंत्रों के माध्यम से लोगों को महिला सुरक्षा, सम्मान और उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं से किसी भी तरह की परेशानी, छेड़छाड़ या उत्पीड़न की स्थिति में चुप न रहने और तत्काल पुलिस की सहायता लेने की अपील की गई। अभियान के तहत प्रमुख चौराहों और बाजारों में महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। महिलाओं और बालिकाओं को बताया गया कि आपात स्थिति में पुलिस की मदद लेने के लिए 112, महिला हेल्पलाइन 1090 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 सहित संबंधित सहायता नंबरों का उपयोग किया जा सकता है।