संदिग्ध हालात में पेड़ से लटका मिला मजदूर, जांच में जुटी पुलिस

घघसरा (गोरखपुर)। सहजनवां थाना क्षेत्र के पाली इलाके के भरपही गांव में एक 55 वर्षीय मजदूर का शव घर के पास नीम के पेड़ से साड़ी के फंदे पर लटका मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान बुधराम गौड़ (55) पुत्र गरीब के रूप में हुई है। वह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, बुधराम पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान रहते थे और अक्सर कहते थे कि "हमें तो मरना ही है।" ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार रात वह आमी नदी की ओर जा रहे थे, लेकिन गांव के लोगों ने उन्हें समझाकर वापस घर पहुंचा दिया था। बताया जाता है कि रात में उन्होंने परिवार के साथ भोजन किया। इसके बाद वह घर से बाहर निकल गए। गुरुवार सुबह उनका शव घर के पास नीम के पेड़ से साड़ी के फंदे पर लटका मिला। यह दृश्य देखते ही परिवार और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। बुधराम अपने पीछे पत्नी हौशीला देवी और तीन बेटे प्रभु, मनीष तथा मन्नू को छोड़ गए हैं। प्रभु की शादी हो चुकी है, जबकि मनीष और मन्नू बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। बताया गया कि एक बेटा चार दिन पहले ही घर आया था। सूचना मिलते ही सहजनवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।