26 जुलाई को गोरखपुर में पत्रकार समन्वय समिति की बैठक, 9 बिंदुओं पर होगा मंथन

बडहलगंज गोरखपुर। भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार समन्वय समिति एवं सोशल मीडिया पत्रकार महासंघ की सामान्य कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक 26 जुलाई को झारखण्डी महादेव स्थित आरएसएम पब्लिक स्कूल के प्रांगण में आयोजित की जाएगी। दोपहर 12 बजे शुरू होने वाली इस बैठक में पत्रकारों और संगठन के हित से जुड़े 9 प्रमुख बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा एवं मंथन किया जाएगा। बैठक में वर्तमान सत्र के शेष परिचय पत्रों का वितरण, संगठन की अब तक की गतिविधियों की समीक्षा, संगठन के विस्तार की रणनीति, पदाधिकारियों के दायित्वों पर चर्चा, तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर नई कार्यसमितियों के गठन, वर्ष 2027 के लिए पत्रकार हितों की आगामी रणनीति, सक्रिय सदस्यों एवं पदाधिकारियों की सूची जारी करने, गोरखपुर में संगठन का मंडलीय कार्यालय स्थापित करने तथा समाज और प्रशासन के सहयोग से पत्रकार हित में होने वाले आगामी आयोजनों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। बैठक में संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. सतीश चंद्र शुक्ला का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। वहीं, संगठन के संस्थापक सरदार दिलावर सिंह पत्रकारों और संगठन के भविष्य से जुड़ी योजनाओं एवं कार्यनीति पर अपनी गाइडलाइन देंगे। बैठक के आयोजक एवं संगठन के मंडल अध्यक्ष कृष्णचंद्र चौधरी ने सभी सदस्यों एवं पदाधिकारियों से निर्धारित समय से 15 मिनट पूर्व बैठक स्थल पर पहुंचने की अपील की है, ताकि कार्यक्रम का संचालन समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से किया जा सके।