मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ, पांच वर्ष में पांच लाख किसानों

मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ, पांच वर्ष में पांच लाख किसानों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य गाजीपुर में जिला पंचायत सभागार में हुआ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण, किसानों को दी गई योजनाओं की जानकारी गाजीपुर। बांस गांव संदेश। उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड द्वारा लघु एवं सीमांत कृषकों के लिए मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना तथा उत्तर प्रदेश में भारत टैक्सी का शुभारंभ बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ से किया गया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रदेश के सभी जनपदों में किया गया। इसी क्रम में जिला पंचायत सभागार गाजीपुर में भी कार्यक्रम आयोजित कर सीधा प्रसारण देखा गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सरोजेश सिंह, सभापति जिला सहकारी बैंक लिमिटेड गाजीपुर तथा विशिष्ट अतिथि आलोक प्रसाद, मुख्य विकास अधिकारी गाजीपुर रहे। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, भूमि विकास बैंक लिमिटेड की सैदपुर एवं जमानिया शाखाओं के प्रतिनिधि, भाजपा जिला महामंत्री, जिला सहकारी बैंक के संचालक मंडल सदस्य सहित सहकारिता विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पैक्स समितियों के कर्मचारी एवं सहकारिता आंदोलन से जुड़े कृषक व सदस्य उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा बटन दबाकर सेतु एप और भारत टैक्सी एप का शुभारंभ किया गया। साथ ही उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड के माध्यम से लघु एवं सीमांत कृषकों के लिए 384 करोड़ रुपये की योजना की शुरुआत की गई। योजना के तहत पांच वर्षों में पांच लाख कृषकों को लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।योजना के अंतर्गत कृषि एवं कृषि आधारित गतिविधियों के साथ ही अकृषि क्षेत्र में कार्य करने के लिए किसानों को छह लाख रुपये तक का दीर्घकालीन ऋण पांच वर्ष या उससे अधिक अवधि के लिए छह प्रतिशत की प्रभावी ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाएगा। समय से ऋण की किस्त का भुगतान करने वाले किसानों को राज्य सरकार की ओर से ब्याज अनुदान दिए जाने की व्यवस्था है। ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुगम बनाया गया है।वहीं मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के पांच शहरों में भारत टैक्सी के शुभारंभ की घोषणा की गई। सेतु एप के माध्यम से किसान अपने क्षेत्र की सहकारी समिति पर उर्वरक की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और सुविधानुसार सहकारी समिति से उर्वरक प्राप्त कर सकेंगे।जनपद स्तरीय कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड के कार्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी भी दी गई। मुख्य अतिथि ने सहकारिता विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए उपस्थित लोगों से योजनाओं का लाभ उठाने तथा सहकारिता के माध्यम से स्वयं के साथ-साथ सहकारी संस्थाओं को भी मजबूत बनाने की अपेक्षा की।