गोरखपुर: रास्ते पर कब्जे के विरोध में महिलाओं ने धुरियापार–उरुवा मार्ग किया

गोरखपुर: रास्ते पर कब्जे के विरोध में महिलाओं ने धुरियापार–उरुवा मार्ग किया जाम गोरखपुर जनपद के उरुवा थाना क्षेत्र अंतर्गत रौजा दरगाह गांव में रविवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब गांव की मुस्लिम महिलाओं ने धुरियापार–उरुवा मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। महिलाओं का आरोप है कि गांव में जाने वाला एक पुराना लिंक मार्ग, जिसका उपयोग पिछले लगभग 100 वर्षों से किया जा रहा है, उस पर रातों-रात कब्जा कर लिया गया और लोहे का गेट लगाकर रास्ता बंद कर दिया गया। ग्रामीणों के अनुसार उक्त लिंक मार्ग धुरियापार–उरुवा सड़क से होकर सीधे गांव में प्रवेश करता है और इसी रास्ते का उपयोग प्रशासन द्वारा हर वर्ष मोहर्रम के अवसर पर निकलने वाले ताजिया जुलूस के लिए रूट डायवर्जन के रूप में भी किया जाता रहा है। महिलाओं का कहना है कि गांव निवासी एहसान खान द्वारा कथित रूप से उस जमीन पर कब्जा कर लोहे का गेट खड़ा कर दिया गया, जिससे लगभग 50 घरों के लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में महिलाएं सड़क पर उतर आईं और धुरियापार–उरुवा मार्ग पर जाम लगाकर प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने लगीं। प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने मांग की कि वर्षों पुराने इस सार्वजनिक रास्ते को तत्काल खाली कराया जाए, ताकि गांव के लोगों का आवागमन सुचारु रूप से हो सके और भविष्य में मोहर्रम के जुलूस के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया। अधिकारियों ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही रास्ते को अतिक्रमण से मुक्त नहीं कराया गया, तो वे आगे भी आंदोलन करने को मजबूर होंगे।