*अवैध ब्रेकर बना हादसे का कारण: बाइक फिसलने से महिला गंभीर घायल,

*अवैध ब्रेकर बना हादसे का कारण: बाइक फिसलने से महिला गंभीर घायल, दोबारा ब्रेकर बनाने की शिकायत* सिकरीगंज/गोरखपुर। सिकरीगंज थाना क्षेत्र के बलुआ उर्फ बलुसड़ गांव में सड़क पर बनाए गए कथित अवैध बड़े ब्रेकर एक बार फिर हादसे की वजह बन गए। ब्रेकर पर बाइक अनियंत्रित होकर गिरने से मालती देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनके सिर में गंभीर चोट आई है। घटना के बाद घायल महिला के पति धर्मेंद्र ने पुलिस को तहरीर देकर ब्रेकर बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। धर्मेंद्र ने बताया कि शनिवार देर रात वह अपनी पत्नी मालती देवी और भतीजी रीतिका के साथ बाइक से गांव लौट रहे थे। गांव जाने वाली सरकारी सड़क पर बने बड़े ब्रेकर पर बाइक का संतुलन बिगड़ गया और तीनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में मालती देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। पीड़ित का आरोप है कि सड़क पर गंगई पुत्र भुल्लर, उदयराज, विजय राज, दुधई, इंदल, जगन्नाथ समेत अन्य लोगों ने तीन बड़े ब्रेकर बना दिए हैं। इन ब्रेकरों से राहगीरों को लगातार परेशानी हो रही है और आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। विरोध करने पर विवाद की स्थिति उत्पन्न होने का भी आरोप लगाया गया है। धर्मेंद्र का कहना है कि इससे पहले भी इसी ब्रेकर को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कुछ ब्रेकर हटवाए थे और इस मामले में मुकदमा भी दर्ज किया गया था। इसके बावजूद दोबारा ब्रेकर बना दिए गए। थानाध्यक्ष आशीष कुमार दूबे ने बताया कि पहले मिली शिकायत पर ब्रेकर हटवाए गए थे और मुकदमा दर्ज किया गया था। अब दोबारा ब्रेकर बनाए जाने की शिकायत मिली है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।