जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह ने किया केआईपीएम स्थापना दिवस “उद्गम-2026” एवं एलुमनाई मीट का भव्य शुभारंभ

सहजनवा गीडा, गोरखपुर | केआईपीएम टेक्निकल कैम्पस के 17वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय स्थापना दिवस “उद्गम-2026” एवं पुरातन छात्र सम्मेलन का शुभारंभ कॉलेज प्रांगण में उत्साह, ऊर्जा और गरिमा के साथ हुआ। 26, 27 एवं 28 फरवरी 2026 तक आयोजित इस समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि साधना सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष गोरखपुर, तथा विशेष आमंत्रित अतिथि डॉ सत्या पांडेय, पूर्व मेयर गोरखपुर ने दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती के पूजन के साथ किया। उद्घाटन अवसर पर संस्था के अध्यक्ष आर डी सिंह, सचिव रीता सिंह, प्रबंधक महोदया सुनीता सिंह, प्रबंध निदेशक विनोद कुमार सिंह, सीईओ-केआईएफ शिवांश विक्रम एवं निदेशक-फार्मेसी डॉ जय नारायण मिश्रा सहित सभी विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर किया गया। कार्यक्रम का आरंभ छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत कुल-गीत से हुआ, जिसकी मधुर प्रस्तुति ने समूचे वातावरण को गौरवमय बना दिया। मुख्य अतिथि के सम्मान में प्रबंधक महोदया सुनीता सिंह द्वारा अभिनंदन पत्र वाचन के उपरांत संस्था के पदाधिकारियों ने मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों को प्रतीक-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर तीन दिवसीय बिजनेस फेयर का उद्घाटन फीता काटकर किया गया। विभिन्न नवाचार-आधारित स्टॉलों का अवलोकन करते हुए मुख्य अतिथि ने छात्रों की रचनात्मकता और उद्यमशीलता की सराहना की। उन्होंने कहा कि “केआईपीएम के छात्र न केवल तकनीकी दक्षता में अग्रणी हैं, बल्कि वे भारत के विकसित भविष्य के सशक्त निर्माता भी बनेंगे।” स्थापना दिवस “उद्गम-2026”के अंतर्गत इंजीनियरिंग विभाग के उत्कृष्ट छात्र-छात्राओं को प्रतिभा सम्मान से सम्मानित किया गया। पुरातन छात्र सम्मेलन के प्रथम दिवस सैकड़ों एलुमनाई ने सहभागिता की। वर्तमान छात्रों ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। एलुमनाई ने अपने छात्र जीवन की स्मृतियों और वर्तमान पेशेवर अनुभवों को साझा कर नवपीढ़ी को प्रेरित किया। सायंकालीन सत्र में संजय पति त्रिपाठी एवं उनकी टीम द्वारा नाट्य प्रस्तुति “मोटू का निमंत्रण” ने दर्शकों को भाव-विभोर किया। तत्पश्चात आयोजित कवि सम्मेलन में कवियों ने ओज, हास्य और श्रृंगार रस की उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। छात्रों को संबोधित करते हुए अध्यक्ष आर डी सिंह ने कहा कि “उद्गम-2026 केवल स्थापना दिवस नहीं, बल्कि नवाचार, अनुशासन और उत्कृष्टता के संकल्प का उत्सव है।” प्रबंधक महोदया सुनीता सिंह ने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने और समाजोन्मुखी सोच अपनाने का संदेश दिया। सचिव रीता सिंह ने संस्था की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए सभी को सामूहिक प्रगति के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में निदेशक-ह्यूमन रिसोर्स डॉ एसपी सिंह ने उपस्थित अतिथियों, एलुमनाई एवं छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उपरोक्त कार्यक्रम में सीईओ-केआईएफ श्री शिवांश विक्रम, निदेशक-फार्मेसी डॉ जय नारायण मिश्रा, निदेशक-एमबीए डॉ दीपक श्रीवास्तव, निदेशक-इंजीनियरिंग डॉ जाहिद रियाज खान, प्रशासनिक अधिकारी श्री वीपी सिंह सहित कॉलेज के अन्य डीन, विभागाध्यक्ष, शिक्षक एवं कर्मचारीगढ़ उपस्थित रहे। तीन दिवसीय स्थापना दिवस “उद्गम-2026” का यह प्रथम दिवस नवाचार, सांस्कृतिक विविधता और पुरातन-नवीन समन्वय का सशक्त संदेश देकर संपन्न हुआ।