बरसात में बदहाल अचियापार–टड़वा–भैंसला मार्ग, कीचड़ और फिसलन से राहगीर बेहाल सहजनवा,
बरसात में बदहाल अचियापार–टड़वा–भैंसला मार्ग, कीचड़ और फिसलन से राहगीर बेहाल सहजनवा, गोरखपुर। सहजनवा ब्लॉक क्षेत्र के अचियापार से टड़वा होते हुए भैंसला गांव को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग इन दिनों बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। लगातार हो रही बारिश के चलते सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे, कीचड़ और फिसलन ने लोगों का आवागमन मुश्किल कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि पैदल चलना भी चुनौती बन गया है, जबकि दोपहिया और चारपहिया वाहन अक्सर फंस जाते हैं या अनियंत्रित होकर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। यह मार्ग अचियापार, टड़वा, भैंसला सहित आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए जीवनरेखा माना जाता है। प्रतिदिन इसी सड़क से स्कूली छात्र-छात्राएं, किसान, मजदूर, व्यापारी और सैकड़ों ग्रामीण अपने गंतव्य तक पहुंचते हैं। सड़क की जर्जर स्थिति के कारण लोगों का समय तो बर्बाद हो ही रहा है, साथ ही हर समय दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। बरसात के दौरान सड़क पर कीचड़ और पानी भर जाने से समस्या और गंभीर हो गई है। रविवार को ग्रामीण विजय कुमार, अमरेन्द्र, छोटू, मुकेश कुमार, जितेंद्र यादव, निरंजन और महेंद्र कुमार ने बताया कि इस सड़क पर चलना किसी जोखिम से कम नहीं है। विशेषकर स्कूल जाने वाले बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। सड़क पर अत्यधिक फिसलन के कारण कई लोग गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार सड़क निर्माण की मांग की गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है। इस संबंध में ग्राम प्रधान दीपू चौरसिया ने बताया कि सड़क का निर्माण लोक निर्माण विभाग यानी पीडब्ल्यूडी द्वारा कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह सड़क क्षेत्रीय विधायक प्रदीप शुक्ला के प्रयासों से स्वीकृत हुई है और निर्माण कार्य उसी योजना के तहत चल रहा है। सड़क पर मिट्टी डालने का कार्य पूरा किया जा चुका है, लेकिन लगातार बारिश के कारण फिसलन बढ़ने से परेशानी बढ़ गई है। बरसात के बाद निर्माण कार्य दोबारा शुरू किया जाएगा और सड़क का निर्माण जल्द पूरा कर आवागमन पूरी तरह सुचारु एवं सुरक्षित बना दिया जाएगा।