देवरिया में सड़क हादसे में 36 वर्षीय युवक की मौत, परिवार पर
देवरिया में सड़क हादसे में 36 वर्षीय युवक की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ देवरिया। जिले के गौरीबाजार थाना क्षेत्र में रविवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 36 वर्षीय युवक की मौत हो गई। खरोह चौराहे के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, भटौली बुजुर्ग गांव निवासी रिंकू पासवान (36) पुत्र सीताराम पासवान रविवार को खरोह चौराहे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर मझनापुल पेट्रोल पंप के समीप एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल रिंकू को तत्काल एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। बताया जाता है कि रिंकू पासवान मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी, चार पुत्रियां और एक पुत्र हैं। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी मुख्य रूप से उन्हीं के कंधों पर थी। उनकी असमय मौत से परिवार पर गहरा संकट आ गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा अज्ञात वाहन और चालक की तलाश की जा रही है।