तरकुलहा धाम के विकास को स्वीकृति मिलने पर हर्ष

चौरी चौरा गोरखपुर ।पूर्वांचल के प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां तरकुलहा देवी मंदिर के समेकित विकास को उत्तर प्रदेश शासन से प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति मिलने पर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए कुल ₹192.49 लाख (जीएसटी सहित) की धनराशि स्वीकृत की गई है, जिसमें प्रथम किश्त के रूप में ₹140 लाख जारी किए गए हैं। प्रस्तावित कार्यों में यात्री निवास, भव्य प्रवेश द्वार, म्यूरल वॉल, स्तंभ निर्माण, पेयजल व्यवस्था, आधुनिक यात्री सुविधाएं, आरसीसी बेंच, डस्टबिन, साइनज, साइट डेवलपमेंट, सबमर्सिबल पंप, सेप्टिक टैंक, शेड, पेवर ब्लॉक, विद्युत व्यवस्था, लैंडस्केपिंग एवं प्लंबिंग कार्य शामिल हैं। इस परियोजना का क्रियान्वयन कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज (सी एंड डी एस), उत्तर प्रदेश जल निगम द्वारा किया जाएगा। मंदिर विकास के लिए मां तरकुलहा देवी धाम चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष राज नारायण सिंह ने मुख्यमंत्री से मिलकर मांग पत्र सौंपा था। वहीं मंदिर व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने स्थानीय विधायक इंजीनियर सरवन निषाद एवं विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह से लगातार संपर्क कर इस मांग को प्रमुखता से उठाया। साथ ही व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ में पर्यटन मंत्री से मिलकर मंदिर के समग्र विकास हेतु ज्ञापन भी सौंपा था। स्वीकृति की सूचना मिलते ही गुरुवार, 2 अप्रैल 2026 को प्रातः 11:30 बजे मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और व्यापारियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और माता रानी के जयकारे लगाए। इस अवसर पर व्यापारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विधायक सरवन निषाद एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह के प्रति आभार प्रकट किया। कार्यक्रम में व्यापारी नेता अमरनाथ जायसवाल, हिमाचल साहनी, हरीश राजभर, दयाशंकर पासवान, सूरज पासवान, सचिन पासवान, राजेंद्र शर्मा, धर्मेंद्र जायसवाल, विजय जायसवाल, ऋषि साहनी, सोनू पासवान, पंडित विष्णु तिवारी, दीपक सिंह सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।