*स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के आउटसोर्स कर्मचारियों ने उठाई मांगें* *मानदेय में
*स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के आउटसोर्स कर्मचारियों ने उठाई मांगें* *मानदेय में बढ़ोतरी, समय से भुगतान समेत पांच सूत्रीय मांगों को लेकर जिला पंचायत राज अधिकारी को सौंपा ज्ञापन* सुलतानपुर। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत जनपद में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिला पंचायत राज अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने मानदेय में बढ़ोतरी, समय से भुगतान सहित पांच सूत्रीय मांगों को तत्काल पूरा किए जाने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि प्रदेश में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत बड़ी संख्या में आउटसोर्स कर्मचारी कार्यरत हैं। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से मानदेय में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं हुई है, जबकि कार्य और जिम्मेदारियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। कर्मचारियों ने मांग की है कि राज्य/मंडल/जनपद/विकासखंड स्तर पर कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों को एनआरएलएम की तर्ज पर मानदेय दिया जाए। इसके साथ ही शासन स्तर से निर्धारित मानदेय का समय से भुगतान सुनिश्चित करने तथा मानदेय में वृद्धि किए जाने की मांग की गई। ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि आउटसोर्स कर्मचारियों को आकस्मिक मृत्यु एवं दुर्घटना की स्थिति में उचित सुरक्षा प्रदान की जाए। महिला आउटसोर्स कर्मचारियों को मातृत्व अवकाश (मेटरनिटी लीव) के दौरान मानदेय देने की व्यवस्था लागू की जाए। इसके अलावा राज्य, मंडल, जनपद और विकासखंड स्तर पर कार्यरत सभी आउटसोर्स कर्मचारियों को एचआर पॉलिसी का लाभ देने तथा स्थानांतरण की व्यवस्था लागू करने की मांग भी रखी गई। कर्मचारियों ने अधिकारियों से उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया है। ज्ञापन पर स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) जनपद सुलतानपुर में कार्यरत कर्मचारियों के हस्ताक्षर भी मौजूद हैं। गौरतलब है कि प्रदेश के अन्य जिलों में भी स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण से जुड़े आउटसोर्स कर्मचारियों की ओर से मानदेय, सामाजिक सुरक्षा और सेवा संबंधी सुविधाओं की मांग उठाई जा रही है।