रावतपार में सनसनी: ऋषभ यादव का 50 घंटे बाद हुआ अंतिम संस्कार, हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे परिजन

हाटाबाजार, गोरखपुर बांसगांव संदेश। गगहा थाना क्षेत्र के रावतपार गांव में युवक ऋषभ यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। बृहस्पतिवार को शौचालय के टीनशेड पर नग्न अवस्था में मिले 32 वर्षीय ऋषभ यादव के शव का अंतिम संस्कार लगभग 50 घंटे बाद शनिवार सुबह बड़हलगंज स्थित मुक्तिपथ पर पुलिस की मौजूदगी में कराया गया। मृतक को मुखाग्नि उसके पिता उदय चंद यादव ने दी। बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार सुबह गांव के लोगों ने शौचालय के टीनशेड पर ऋषभ यादव का शव देखा, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद जब शव देर शाम घर पहुंचा तो परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। परिजनों ने आरोप लगाया कि हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने और मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी देने के आश्वासन के बिना अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। इसी मांग को लेकर परिजन रातभर शव के साथ डटे रहे और दाह संस्कार से इनकार कर दिया। पुलिस ने स्थिति को संभालने के लिए मृतक की पत्नी की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर एफआईआर की कॉपी परिजनों को दिखाई, जिसके बाद परिजनों ने शनिवार को अंतिम संस्कार करने का निर्णय लिया। इसके बाद भारी पुलिस मौजूदगी में बड़हलगंज के मुक्तिपथ पर ऋषभ यादव का अंतिम संस्कार कराया गया। इधर पुलिस इस मामले में कई संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है। हालांकि पुलिस आधिकारिक तौर पर किसी को हिरासत में लेने से इंकार कर रही है। गगहा थाना प्रभारी अंजुल चतुर्वेदी ने बताया कि घटना के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। गांव में इस घटना के बाद से ही तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है, जबकि ग्रामीण जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।