राम जानकी मार्ग पर रोडवेज बस और बाइक की आमने-सामने टक्कर, युवक की मौत

राम जानकी मार्ग पर रोडवेज बस और बाइक की आमने-सामने टक्कर, युवक की मौत उरुवा बाजार से लौट रहे बाइक सवार ने अस्पताल में तोड़ा दम, तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया सिकरीगंज/गोरखपुर। गोरखपुर जिले के सिकरीगंज थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राम जानकी मार्ग (NH-227) पर हरदत्तपुर स्थित भारत पेट्रोल पंप से कुछ कदम आगे उरुवा जाने वाले मार्ग के सामने बुधवार शाम रोडवेज बस और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उरुवा ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अलावलपुर निवासी राजाराम गुप्ता (35), पुत्र मोतीलाल गुप्ता, बुधवार को अपनी हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक (नंबर TG 08 F 6295) से किसी काम के सिलसिले में उरुवा बाजार गए थे। शाम करीब 4:30 बजे वापस लौटते समय हरदत्तपुर स्थित भारत पेट्रोल पंप के सामने उनकी बाइक की उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की राप्तीनगर डिपो की बस (नंबर UP 78 LT 2665) से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि राजाराम गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही सिकरीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उरुवा पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया राजाराम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के बड़े भाई दयाराम गुप्ता ने बताया कि राजाराम पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। उनकी शादी करीब 15 वर्ष पहले सीमा देवी से हुई थी। उनके परिवार में दो बेटियां अनुष्का (13 वर्ष) और अर्पिता (11 वर्ष) तथा एक बेटा आयुष (10 वर्ष) है। पिता की असामयिक मौत से बच्चों के सिर से साया उठ गया और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा इस संबंध में सिकरीगंज थाना अध्यक्ष आशीष कुमार दुबे ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।