फर्जीवाड़े से जमीन का बैनामा कराने की शिकायत पर डीएम ने किया मौके का निरीक्षण

फर्जीवाड़े से जमीन का बैनामा कराने की शिकायत पर डीएम ने किया मौके का निरीक्षण देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने जनता दर्शन में ग्राम कतरारी छेरिहवा निवासी रीता देवी की ओर से प्रस्तुत भूमि संबंधी शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मंगलवार को मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। रीता देवी ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया था कि उनकी जमीन में कथित फर्जीवाड़ा कर बैनामा करा लिया गया और बाद में अभिलेखों में भी नाम दर्ज करा दिया गया। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने नायब तहसीलदार शिवेंद्र कौंडिल्य सहित राजस्व विभाग की टीम के साथ संबंधित स्थल का निरीक्षण किया और मामले से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राजस्व अधिकारियों को भूमि से संबंधित सभी अभिलेखों की गहन जांच करने तथा प्रकरण से जुड़े सभी पक्षों को सुनवाई का अवसर देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मामले का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि विवाद और कथित फर्जीवाड़े से जुड़े मामलों में पूरी गंभीरता एवं निष्पक्षता के साथ कार्रवाई की जाए, ताकि किसी भी पक्ष के साथ अन्याय न हो। उन्होंने शिकायतकर्ता की शिकायत का नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। डीएम के स्वयं मौके पर पहुंचकर मामले की जांच किए जाने को लेकर स्थानीय लोगों में भी चर्चा रही। निरीक्षण के दौरान नायब तहसीलदार शिवेंद्र कौंडिल्य के अलावा राजस्व विभाग के कानूनगो, लेखपाल एवं अन्य संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।