पंडाल में उज्जैन के महाकाल के दर्शन, बाहर ‘घघसरा की भाभी’ के साथ सेल्फी की होड़

घघसरा गोरखपुर। बांसगांव संदेश। शारदीय नवरात्र में नगर पंचायत घघसरा के वार्ड नंबर 6 तुलसीदास नगर कोड़री उर्फ हड़ही पेट्रोल पंप के पास स्थापित मां जगदंबे दुर्गा पूजा समिति का पंडाल इस बार आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।समिति द्वारा पांचवें वर्ष स्थापित इस पंडाल को देखने पर मध्यप्रदेश के उज्जैन स्थित भोलेनाथ महाकालेश्वर मंदिर का एहसास होता है। पंडाल की भव्यता और कलात्मक सजावट को देखकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो रहे हैं। गर्भगृह में मां शेरावाली के साथ नौ देवियों की अलग-अलग प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जो श्रद्धालुओं में विशेष आस्था जगा रही हैं।पंडाल के बाहर लोगों के लिए एक विशेष सेल्फी प्वाइंट बनाया गया है। यहां एक अलग प्रतिमा रखी गई है, जिसकी आंखों पर काला चश्मा, एक हाथ में सेल्फी पोज में मोबाइल और दूसरे हाथ में रंगीन छाता है। स्थानीय लोगों ने प्यार से इसका नाम घघसरा की भाभी रख दिया है।यह प्रतिमा इन दिनों लोगों के आकर्षण का मुख्य केंद्र बनी हुई है। युवा, महिलाएं और बच्चे इसके साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर खूब वायरल कर रहे हैं। आस्था और मनोरंजन के इस अनोखे संगम को देखने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु घघसरा पहुंच रहे हैं।