उरुवा बाजार में महिला दिवस की पूर्व संध्या पर चित्रकला प्रतियोगिता व

उरुवा बाजार में महिला दिवस की पूर्व संध्या पर चित्रकला प्रतियोगिता व महिला सम्मान समारोह आयोजित सिकरीगंज बांसगांव संदेश रामप्रकाश कसौधन की रिपोर्ट उरुवा बाजार। कला-सरोकार, सोसायटी ऑफ आर्ट लवर्स एवं पी.एच. इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, उरुवा बाजार के संयुक्त तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार को चित्रकला प्रतियोगिता एवं महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। समारोह की मुख्य अतिथि गोरखपुर की वरिष्ठ दंत रोग विशेषज्ञ एवं प्रसिद्ध समाजसेविका डॉ. प्रियंका वर्मा ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने महिलाओं की कर्तव्यनिष्ठा, संवेदनशीलता और समाज निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि हमारे समाज में अनेक महिलाएं ऐसी हैं जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए न केवल अपनी पहचान बनाई है, बल्कि समाज को जागरूक और सशक्त बनाने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। कार्यक्रम में खेल के क्षेत्र में खो-खो चैंपियन कुमारी शालू, मिशन शक्ति अभियान की प्रभारी श्रीमती कीर्ति पांडे, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सोनम यादव, शिक्षा के क्षेत्र में श्रीमती संगीता गुप्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के रूप में विद्या गुप्ता,स्वास्थ्य सेवाओं में आशा बहू राधिका गहलोत एवं पुष्पा जी को समाज में महिलाओं की आवाज और प्रेरणा स्रोत बने पत्रकारिता के क्षेत्र मे उत्कृष्ट कार्य के लिए सुश्री अंजलि शुक्ला को सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्रबंधक मनोज कुमार ने अपने संबोधन में महिलाओं द्वारा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे सराहनीय कार्यों की प्रशंसा की। वहीं सीता त्रिपाठी, अंजू गुप्ता और प्रबंधिका संगीता गुप्ता ने महिला दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर आयोजित महिला सशक्तिकरण विषयक चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यालय के अनेक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रवीण श्रीवास्तव एवं सत्येंद्र गुप्ता ने उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में विद्यालय की महिला शिक्षिकाएं अनामिका, प्रिया, अंजू, काजल, सविता, सालेहा, श्रृंखला, कविता, राधिका, नेहा, निशा, जैनब एवं चंदा श्रीवास्तव सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संयोजन अमन सिंह ने किया।