ब्रेकिंग न्यूज़ — सोनभद्र *पिपरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2.85 क्विंटल गांजा

ब्रेकिंग न्यूज़ — सोनभद्र *पिपरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2.85 क्विंटल गांजा बरामद* सोनभद्र से इस वक्त की बड़ी खबर है। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन शुद्धि” के तहत पिपरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 2 क्विंटल 850 ग्राम अवैध गांजा, यानी करीब 285 किलो गांजा बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, बरामद गांजा 195 पैकेटों में प्लास्टिक टेप से पैक किया गया था। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही महिन्द्रा XUV, दो मोबाइल फोन और दो नम्बर प्लेट भी पुलिस ने बरामद की हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी पुलिस की चेकिंग से बचने के लिए वाहन पर फर्जी नम्बर प्लेट लगाकर गांजा ले जा रहे थे। मुर्धवा-रनटोला मार्ग पर चेकिंग के दौरान संदिग्ध XUV पुलिस को देखकर पीछे मुड़कर भागने लगी, जिसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उमेश अहिरवार और महिपाल पाल, दोनों जनपद महोबा निवासी के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने ओडिशा से गांजा लाकर महोबा पहुंचाने की बात बताई है। इसके एवज में उन्हें 20-20 हजार रुपये प्रति चक्कर दिए जाने की बात सामने आई है। अब पुलिस गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। पिपरी थाने में एनडीपीएस एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।