*सिकरीगंज में शंकराचार्य स्वामी अवीमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का भव्य स्वागत, गौ रक्षा के

*सिकरीगंज में शंकराचार्य स्वामी अवीमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का भव्य स्वागत, गौ रक्षा के लिए लिया संकल्प* गोरखपुर, सिकरीगंज: सिकरीगंज क्षेत्र उस समय भक्ति और उत्साह से सराबोर हो गया जब शंकराचार्य स्वामी अवीमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का आगमन हुआ। उनके स्वागत में श्रद्धालुओं ने फूल-मालाओं की वर्षा कर भव्य अभिनंदन किया। कार्यक्रम स्थल पर "गौ माता राष्ट्र माता" और "गौ माता की जय" के गगनभेदी नारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा। इस अवसर पर श्री बालाजी चौकड़ी धाम के महाराज प्रेमानंद ने शंकराचार्य जी के समक्ष चौकड़ी धाम में एक भव्य गुरुकुल निर्माण की इच्छा व्यक्त की। उन्होंने बताया कि इस गुरुकुल के माध्यम से आने वाली पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, सनातन धर्म और संस्कारों की शिक्षा दी जाएगी। इस पर शंकराचार्य जी ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए जल्द ही गुरुकुल निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया। अपने ओजस्वी संबोधन में शंकराचार्य जी ने कहा कि वर्तमान समय में गौ माता की रक्षा अत्यंत आवश्यक है और इसके लिए यह गौ यात्रा एक जनजागरण अभियान के रूप में चल रही है। उन्होंने इसे “युद्ध यात्रा” बताते हुए कहा कि गौ रक्षा के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना होगा। उन्होंने बताया कि "शंकराचार्य चतुरंगिणी" के माध्यम से उन लोगों को जोड़ा जा रहा है जो गौ माता की रक्षा के लिए समर्पित हैं, और उन्हें इसके लिए प्रशिक्षित भी किया जा रहा है। शंकराचार्य जी ने उपस्थित जनसमूह को गौ रक्षा का संकल्प दिलाते हुए कहा कि गौ माता केवल आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और जीवन पद्धति का आधार है। उन्होंने समाज से एकजुट होकर गौ माता की रक्षा करने का आह्वान किया। इसके साथ ही उन्होंने आगामी चुनाव का उल्लेख करते हुए लोगों से अपील की कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग सोच-समझकर करें और ऐसे जनप्रतिनिधियों को चुनें जो गौ माता की रक्षा के प्रति प्रतिबद्ध हों। कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति, साधु-संत और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक उत्साह, श्रद्धा और सामाजिक एकजुटता का अद्भुत संगम देखने को मिला।