Bansgaon Sandesh
Login
P
Deoriaलगभग १ घंटा पहले

बांसगांव संदेश बरहज ,ग्राम बाल कल्याण समिति एवं पीटीएम की बैठक अब 13 अगस्त को*

ग्राम बाल कल्याण समिति एवं पीटीएम की बैठक अब 13 अगस्त को देवरिया, 08 अगस्त। ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित होने वाली ग्राम बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति तथा अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) की तिथि में परिवर्तन किया गया है। अब यह बैठक 12 अगस्त के स्थान पर 13 अगस्त 2026 को अपराह्न 1:30 बजे से 2:30 बजे तक ग्राम पंचायत स्तर पर स्थित सभी परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में आयोजित की जाएगी। बैठक की तिथि में यह परिवर्तन जिलाधिकारी के निर्देशानुसार किया गया है। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की पहल पर जनपद देवरिया में पहली बार ग्राम बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक तथा अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) एक साथ आयोजित की जा रही है। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार मिशन वात्सल्य योजना के उद्देश्यों के अनुरूप बच्चों के संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं समग्र विकास के लिए ग्राम स्तर पर प्रभावी समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से जनपद की समस्त ग्राम पंचायतों में ग्राम बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही संबंधित ग्राम पंचायत के परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में उसी दिन अभिभावक-शिक्षक बैठक (Parent-Teacher Meeting-PTM) भी आयोजित की जाएगी। बैठक में बच्चों के नामांकन, नियमित उपस्थिति, सीखने की गुणवत्ता, बाल संरक्षण, स्वास्थ्य, पोषण तथा सामाजिक सुरक्षा से जुड़े विषयों पर चर्चा करते हुए सामुदायिक सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सचिव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा, एएनएम, विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक, पंचायत सहायक, बीट पुलिस अधिकारी, स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधि, अभिभावक तथा किशोर एवं बाल प्रतिनिधि प्रतिभाग करेंगे। बैठक की कार्यवाही (मिनट्स ऑफ मीटिंग) निर्धारित प्रारूप में तैयार की जाएगी। प्रत्येक ग्राम पंचायत की बैठक की कार्यवाही संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा संकलित कर संबंधित बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) को उपलब्ध कराई जाएगी। समस्त कार्यवाहियों का संकलन जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीडीएस), देवरिया के माध्यम से जिला प्रोबेशन अधिकारी, देवरिया को प्रेषित किया जाएगा, जिससे जनपद स्तर पर समीक्षा एवं आवश्यक अनुवर्ती कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

1 likes
0 comments1 shares