घर के सामने खेल रहे मासूम को पिकअप ने मारी टक्कर, आईसीयू

घर के सामने खेल रहे मासूम को पिकअप ने मारी टक्कर, आईसीयू में भर्ती। मदरिया । सिर की हड्डी टूटने और कान का पर्दा फटने का आरोप, बाबा की तहरीर पर पिकअप चालक के खिलाफ केस दर्ज गोला-कौड़ीराम मार्ग पर पटोहा गांव में बीते एक अक्टूबर को घर के सामने खेल रहे एक मासूम को तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह आईसीयू में उपचाराधीन है। मामले में गोला पुलिस ने बच्चे के बाबा की तहरीर के आधार पर पिकअप के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पटोहा गांव निवासी संजय गौड़ पुत्र रामराज ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि एक अक्टूबर को उनका नाती रुद्रांश घर के सामने खेल रहा था। इसी दौरान पिकअप संख्या यूपी 53 एचटी 2876 का चालक तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए आया और बच्चे को टक्कर मार दी। आरोप है कि हादसे के बाद चालक पिकअप लेकर मौके से फरार हो गया। संजय गौड़ के मुताबिक, टक्कर लगने से रुद्रांश के सिर में गंभीर चोट आई। उसका कान का पर्दा फटने और सिर के पिछले हिस्से की हड्डी टूटने की बात भी तहरीर में कही गई है। गंभीर हालत में बच्चे को गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका आईसीयू में इलाज चल रहा है। मासूम के गंभीर रूप से घायल होने से परिवार के लोग परेशान हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर पिकअप और उसके चालक के संबंध में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।