देवरिया में युवक और उसकी पत्नी पर चाकू से हमला दोनों घायल

*देवरिया में युवक और उसकी पत्नी पर चाकू से हमला दोनों घायल* देवरिया के तरकुलवा थाना क्षेत्र में दुबई से लौटे एक युवक और उसकी पत्नी पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना मंगलवार देर शाम की बताई जा रही है, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। युवक को प्राथमिक उपचार के बाद गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।जबकि उसकी पत्नी का इलाज देवरिया मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। तरकुलवा थाना क्षेत्र के कोला मुंडेरा मिश्र टोला निवासी रमेश कुमार (35) अपने चाचा छोटे लाल के पुत्र छत्रधारी के साथ दुबई में काम करते थे। बताया जा रहा है कि दुबई में किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था।जिसके बाद कंपनी ने उन्हें भारत वापस भेज दिया। मंगलवार दोपहर दोनों अपने गांव पहुंचे थे। परिजनों के मुताबिक मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बजे छोटे लाल के पुत्र को अपने पिता के साथ हुए विवाद की जानकारी मिली। इसके बाद वह रमेश कुमार से उलझ गया।और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने चाकू निकालकर रमेश कुमार पर हमला कर दिया।जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पति को बचाने पहुंची रमेश की पत्नी मनसा देवी (25) पर भी आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया।जिससे वह भी घायल हो गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों और परिजनों ने दोनों घायलों को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। डॉक्टरों ने रमेश कुमार की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। वहीं, मनसा देवी का इलाज देवरिया मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। घटना की सूचना मिलने पर तरकुलवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।