आठ सूत्रीय मांगों को लेकर काली पट्टी बांध समाधान दिवस में पहुंचे

आठ सूत्रीय मांगों को लेकर काली पट्टी बांध समाधान दिवस में पहुंचे लेखपाल, आंदोलन तेज करने की चेतावनी भुड़कुड़ा/दुल्लहपुर, गाजीपुर। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर आठ सूत्रीय मांगों को लेकर लेखपालों का विरोध प्रदर्शन जारी है। शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर भुड़कुड़ा कोतवाली और दुल्लहपुर थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रमों में लेखपाल काली पट्टी बांधकर पहुंचे और अपनी मांगों के समर्थन में विरोध जताया। लेखपालों ने मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।लेखपालों ने बताया कि आठ सूत्रीय मांगों को लेकर 8 अक्टूबर से ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार किया जा रहा है, जबकि अन्य कार्य जारी रखे गए हैं। संघ के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 17 अक्टूबर को संपूर्ण कार्य बहिष्कार किया जाएगा। लेखपालों ने शासन से उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर समाधान करने की मांग की।भुड़कुड़ा कोतवाली में भूतपूर्व तहसील अध्यक्ष रमेश कुमार, बृजेश कुमार, पंकज कुमार भारती, विपिन कुमार, नवनीत श्रीवास्तव और परसनाथ भारती सहित अन्य लेखपाल काली पट्टी बांधकर उपस्थित रहे।वहीं, दुल्लहपुर थाना परिसर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में आशुतोष पांडेय, सौरभ सिंह, अनिल गोस्वामी, प्रवीण कुमार, ठाकुर सिंह यादव और अमरजीत प्रजापति सहित अन्य लेखपालों ने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। लेखपालों ने स्पष्ट किया कि आठ सूत्रीय मांगों के समाधान तक उनका आंदोलन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगा।