माधव विहार में डांडिया, जागरण और भंडारे के साथ शारदीय नवरात्रि महोत्सव संपन्न

मल्हौर-चिनहट, लखनऊ। माता रानी के जयकारों, भजनों की मधुर धुन और डांडिया की उमंग के बीच माधव विहार स्थित माधवेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में शारदीय नवरात्रि महामहोत्सव धूमधाम से संपन्न हुआ। इस अवसर पर जागरण, सुंदरकांड पाठ, महाआरती और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें कॉलोनी की महिलाओं और निवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालु माता रानी की भक्ति में लीन नजर आए। महिलाओं ने डांडिया कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेकर महोत्सव की रौनक बढ़ाई। सुंदरकांड पाठ, भजन मंडली की प्रस्तुति और महाआरती से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। इसके बाद आयोजित भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन में सुरक्षा और व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया। इस भव्य आयोजन के मुख्य आयोजक दिलीप सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विश्व हिंदू रक्षा परिषद, के साथ कुलदीप सिंह, चंद्र शेखर सिंह, अनिल राठौर, आनंद मिश्रा, मुलायम सिंह यादव, सी येल जायसवाल और विपिन सिंह वर्मा ने आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंत में माता रानी की आरती के साथ महोत्सव का समापन हुआ। आयोजक समिति ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सहयोगियों और कॉलोनीवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।