रणजीत बहादुर सिंह के निधन पर राधेश्याम सिंह और अरविंद कुमार सिंह ने जताया शोक, बताया जनता का सच्चा पहरुआ

गोरखपुर। गोरखपुर विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष राधेश्याम सिंह एवं मजदूर नेता अरविंद कुमार सिंह ने गोरखपुर के राजनीतिक, सामाजिक और पत्रकारिता जगत की चर्चित शख्सियत रहे रणजीत बहादुर सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष राधेश्याम सिंह ने कहा कि स्वर्गीय रणजीत बहादुर सिंह बेहद जिद्दी, जुनूनी नेता और पत्रकार थे। जनता के बुनियादी सवालों को लेकर वे कभी भी सत्ता प्रतिष्ठान से समझौता नहीं करते थे। अस्सी और नब्बे के दशक से लेकर वर्ष 2000 के दशक तक अपने तेजतर्रार तेवरों के कारण वे अपनी ही सरकारों से टकराते रहे। वहीं, मजदूर नेता अरविंद कुमार सिंह ने उन्हें जनता का सच्चा पहरुआ बताते हुए कहा कि पत्रकार के रूप में वे निष्पक्ष और ईमानदार रहे तथा हमेशा आम जनता के बुनियादी सवालों को प्रमुखता से उठाते रहे। अपने जुझारू तेवर और आंदोलनकारी स्वभाव के कारण वे सदैव याद किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि ईमानदार नेता और पत्रकार होने के कारण ही रणजीत बहादुर सिंह हाशिये पर चले गए थे। दोनों नेताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।